सिक्किम की युवती के साथ किशनगंज में दो युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म

-दोनों आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

किशनगंज,05जून(हि.स.)। नगर परिषद क्षेत्र में एक लॉज में सिक्किम की रहने वाली युवती के साथ बुधवार की अहले सुबह दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

घटना की शिकायत दर्ज करवाने के साथ ही सदर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी अरहान अख्तर बहादुरगंज व अमजद हुसैन अररिया जिले का रहने वाला है। पुलिस ने पीड़िता का फर्द बयान दर्ज किया है।

घटना के सम्बंध में बताया जाता है की पीड़िता अपनी एक सहेली के साथ किशनगंज घूमने आयी थी। वापस लौटने के दौरान ट्रेन छूट गई। इसके बाद पीड़िता ने किशनगंज में अपनी बहन के जान पहचान वाले को कॉल किया। पीड़िता की बहन का दोस्त स्टेशन पहुंचा और दोनों युवतियों को एक लॉज में लेकर आया। दोनो आरोपी युवक लॉज में ही एक कमरे में पहले से था।

लॉज में खाना खाने के बाद दोनों युवती सोने चली गई। तभी दोनों आरोपी युवक दोनों युवती के साथ जबरदस्ती करने लगा। तभी जिस युवक के कहने पर पीड़िता लॉज पहुंची थी वह युवक घटना का विरोध करने लगा। तभी दोनों युवकों ने उक्त युवक को रस्से से बांध दिया। पीड़िता की सहेली किसी तरह वहां से निकल कर पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष संदीप कुमार के नेतृत्व में एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने दोनों आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पीड़ता व एक अन्य युवक को छुड़ाया गया।टीम में प्रोवेशनर अवर निरीक्षक अन्नू कुमारी, अवर निरीक्षक राकेश कुमार, रवि शंकर कुमार शामिल थे। घटना की जांच के लिए भागलपुर से फ़ॉरेंसिक टीम पहुंची थी। तीन सदस्यीय फ़ॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य इकट्ठा किया। टीम ने घटना स्थल से कई नमूने भी लिए।

जिला पुलिस कप्तान सागर कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया था। घटना स्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल जांच करवाया जा रहा है। दोनों आरोपियों को स्पीडी ट्रायल के तहत सजा दिलवायी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र/गोविन्द

   

सम्बंधित खबर