फरीदाबाद: महिला सुरक्षा के लिए कारगर साबित हो रही ईआरवी डायल 112 और दुर्गा शक्ति

मई माह में 18 महिलाओं को रात्रि के समय सुरक्षित पहुंचाया गंतव्य तक

फरीदाबाद, 7 जून (हि.स.)। महिला सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा शुरू की गई ईआरवी डायल 112 तथा दुर्गा शक्ति टीम सुरक्षा के मद्देनजर कारगर साबित हो रही है। टीम द्वारा मई माह में 18 महिलाओं को सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाकर कानून व्यवस्था व महिला सुरक्षा सुदृढ़ करने का सराहनीय कार्य किया है। पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मई माह में फरीदाबाद पुलिस की ईआरवी और दुर्गा शक्ति द्वारा महिला सुरक्षा के संबंध में सराहनीय कार्य किया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस आयुक्त राकेश कुमार आर्य द्वारा महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दुर्गा शक्ति तथा डायल 112 टीम को दिशा निर्देश दिए गए हैं कि यदि रात्रि के समय कोई भी महिला, जिसे रात्रि के समय अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वाहन नहीं मिल रहा हो या किसी कारणवश वह परेशान हो रही है, तो पुलिस टीम उसे सरकारी गाड़ी में बैठाकर सुरक्षित उसके गंतव्य तक पहुंचाकर आएगी। इसके लिए पुलिस की डायल 112 टीम सारी रात शहर में पेट्रोलिंग करती है, ताकि कानून व्यवस्था तथा महिला सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उक्त दिशा निर्देशों का पालन करते हुए पुलिस टीम ने इस संबंध में सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने बताया कि कुछ महिलाएं वाहन न मिलने के कारण रास्ते में परेशान नजर आती हैं, कुछ महिलाएं घर में झगड़ा होने के कारण बाहर निकल जाती हैं और रास्ते पर भटकती रहती हैं। कुछ महिलाएं फरीदाबाद से बाहर से रात के समय आती हैं और कोई बस या ऑटो की सुविधा होने के कारण बस स्टैंड या रेलवे स्टेशन पर असुरक्षित महसूस करती हैं। ऐसी महिलाओं को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाकर फरीदाबाद पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा सुनिश्चित की जाती है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा महिला सुरक्षा के संबंध में प्रयास लगातार जारी रहेंगे और वह महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्य करती रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/मनोज/सुमन/संजीव

   

सम्बंधित खबर