उत्तरी हरिद्वार में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

हरिद्वार, 08 जून (हि.स.)। यात्रा सीजन में उत्तरी हरिद्वार में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर तथा कीटनाशक दवाओं का नियमित छिड़काव न होने से आक्रोषित भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा पार्षद दल के उपनेता रहे अनिरुद्ध भाटी के नेतृत्व में प्रदर्शन कर सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने की मांग की।

भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी ने कहा कि उत्तरी हरिद्वार के सभी वार्डों में सैकड़ों की संख्या में आश्रम, धर्मशाला व होटल स्थित हैं। जिस कारण प्रतिदिन लाखों तीर्थ यात्री व श्रद्धालु निवास के लिए यहां आते हैं, जिस कारण जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। मुखिया गली, आदर्श नगर, शेर गली, पावन धाम मार्ग, दुर्गानगर, त्यागी आश्रम वाली गली, स्वतः मुनि उदासीन आश्रम वाली गली, कैलाश गली तथा सप्त सरोवर, शिवनगर, गायत्री विहार, सत्यम विहार, दुधियाबंध, रानी गली, भीमगोडा, नई बस्ती, रामगढ़, खड़खड़ी व भूपतवाला में कूड़े का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। उतरी हरिद्वार में तीर्थ यात्रियों की भारी आमद के चलते सफाई कर्मियों व कूड़ा वाहनों की संख्या में वृद्धि अत्यंत आवश्यक है।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर