हिमाचल से अनुराग ठाकुर हो सकते हैं मोदी मंत्रिमंडल में शामिल

शिमला, 08 जून (हि.स.)। लोकसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत के बाद केंद्र की सत्ता पर एक बार फिर एनडीए सरकार काबिज होने जा रही है। नरेंद्र मोदी रविवार की शाम लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। मोदी मंत्रिमंडल में एनडीए के घटक दलों समेत देशभर के कई सांसदों को जगह मिलेगी। मोदी के तीसरे कार्यकाल की मंत्रिमंडल को लेकर हिमाचल प्रदेश के सियासी गलियारों में चर्चाएं जोरों पर हैं। यहां से दिग्गज भाजपा नेता अनुराग ठाकुर का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है।

अनुराग ठाकुर लगातार पांचवीं बार सांसद निर्वाचित हुए हैं। वह मोदी के दूसरे कार्यकाल में राज्य मंत्री और कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। उनके पास सुचना प्रसारण, युवा सेवाएं व खेल विभाग जैसे अहम औहदे थे। मोदी-शाह के करीबियों में शामिल अनुराग ठाकुर को मंत्रिमंडल में जगह मिलने की पूरी संभावना है। अनुराग ठाकुर की केंद्रीय मंत्रिमंडल में मजबूत दावेदारी इसलिए भी मानी जा रही है, क्योंकि उन्होंने पिछली मोदी सरकार में मिली जिम्मेवारी का पूरी तरह निर्वहन किया है और वह मोदी के विश्वासपात्रों में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। उनकी उपलब्धियों को देखते हुए केंद्रीय नेतृत्व उन पर भरोसा जता सकती है।

अनुराग ठाकुर ने मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में 2019 से 2021 के बीच वित्त एवं कारपोरेट मामलों के राज्यमंत्री का जिम्मा संभाला था। इसके बाद उन्होंने कैबिनेट मंत्री के तौर पर बड़े महकमे संभाले। इसके अलावा अनुराग ठाकुर लोकसभा के सबसे युवा चीफ व्हिप भी रहे हैं। अनुराग ठाकुर वर्ष 2019 में सांसद रत्न अवार्ड से सम्मानित हुए थे। इस तरह उनके पास सरकार में काम करने का खासा अनुभव है। पीएम नरेंद्र मोदी भी काम करने वाले युवाओं को आगे बढ़ाने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने खेलों को देश भर में विस्तार देने के लिए बहुत योगदान दिया है। इस लिहाज से अनुराग ठाकुर की दावेदारी पक्की मानी जा रही है। अनुराग ठाकुर युवा नेता के तौर पर भी उभरे हैं। वह भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे हैं।

हिमाचल में धर्मशाला के खूबसूरत क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण का श्रेय भी अनुराग को ही जाता है। अनुराग ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल कर नरेंद्र मोदी हिमाचल की जनता को बड़ी सौगात दे सकते हैं। लोस चुनाव प्रचार के दौरान दो चुनावी रैलियों में मोदी ने जोर देकर कहा था कि उनका हिमाचल के साथ भावनात्मक रिश्ता है। कई सालों तक उन्होंने यहां संगठन का काम किया और वह इस पहाड़ी प्रदेश के ऋणी हैं और जब भी उन्हें मौका मिलता है, वो इस ऋण को चुकाने में पीछे नहीं हटते।

मोदी मंत्रिमंडल में हिमाचल से ताल्लुक रखने वाले जगत प्रकाश नड्डा का भी नाम उभर रहा है। जेपी नड्डा वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। इस बार वह गुजरात से राज्यसभा सांसद निर्वाचित हुए हैं। नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल में जेपी नड्डा स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं।

बता दें कि हिमाचल में इस बार भी चारों सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की है। यह लगातार तीसरा मौका है, जब हिमाचल में भाजपा ने लोस चुनाव में क्लीन स्वीप किया है। हिमाचल से भाजपा के चार नवनिर्वाचित सांसदों में दो नए चहरे हैं। इनमें कंगना रनौत और राजीव भारद्वाज शामिल हैं। वहीं सुरेश कश्यप लगातार दूसरी बार सांसद चुने गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/उज्जवल/सुनील

   

सम्बंधित खबर