उप्र में अभी तीन दिन परेशान करेगी गर्मी

कानपुर, 17 जून (हि.स.)। सूरज की आग उगलती लपटों के साथ पछुआ हवाओं के चलने से राजस्थान से लगातार उत्तर प्रदेश में गर्म हवाएं आ रही हैं। यह शुष्क गर्म हवाएं इस कदर भीषण गर्मी के रूप में कहर बरपा रही हैं कि दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी तीन दिन उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी व लू लोगों को परेशान करेगी। इसके बाद मानसूनी बारिश पूर्वी उत्तर प्रदेश में शुरू होगी तो तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ऐसी स्थिति आने में पांच से सात दिन तक लग सकते हैं।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान 17 से 20 जून के बीच असम और मेघालय में मध्यम से भारी बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से लेकर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है, जिससे जलभराव और बाढ़ की स्थिति बन सकती है। कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप, आंतरिक ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। पश्चिमी हिमालय, तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, रायलसीमा, आंतरिक कर्नाटक, बिहार के कुछ हिस्सों, झारखंड और पूर्वी मध्य प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में छिटपुट बारिश, गरज और धूल भरी आंधी संभव है। कानपुर मंडल सहित उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति संभव है।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 45.8 और न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 36 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 20 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 9.1 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं किन्तु वर्षा की कोई संभावना नहीं है। दिन और रात के तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं। इसके साथ ही आगरा, हाथरस और मथुरा में मेघ गर्जन व आकाशीय बिजली के साथ तेज धूल भरी आंधी चल सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/दिलीप

   

सम्बंधित खबर