बागदा में भाजपा नेताओं के खिलाफ लगे पोस्टर

बागदा (उत्तर 24 परगना), 11 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा के साथ ही नए सिरे से सियासी घमासान शुरू हो गया है। रात के अंधेरे में किसी ने उत्तर 24 परगना जिला अंतर्गत बागदा विधानसभा में पोस्टरबाजी कर दी है। पोस्टर में दो भाजपा नेताओं के खिलाफ संदेश हैं।

बागदा विधायक विश्वजीत दास थे। वह कुछ साल पहले भाजपा में शामिल हुए थे लेकिन बाद में तृणमूल में लौट गए थे। गत लोकसभा चुनाव में उन्हें बनगांव संसदीय सीट से शांतनु ठाकुर के खिलाफ नामांकित किया गया था। चुनाव से पहले उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। इसीलिए उस केंद्र पर उपचुनाव हो रहा है। अभी तक किसी भी पार्टी ने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। हालांकि अटकलें शुरू हो गई हैं। इसी बीच इस पोस्टर को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया।

दुलाल बर और हराधन हलदर के नाम से दो भाजपा नेताओं के खिलाफ पोस्टर लगे हैं। पोस्टरों में लिखा है, ''हम बागदा विधानसभा में तृणमूल के दलाल दुलाल बर को नहीं चाहते। हम बागदा विधानसभा में सूदखोर हराधन हलदर को नहीं चाहते।'' दावा किया जा रहा है कि यह पोस्टर भाजपा कार्यकर्ताओं ने लगाया है।

इस संबंध में दुलाल बर से संपर्क किया गया, लेकिन वह कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। हालांकि, हराधन हलदर ने कहा कि वह भाजपा कार्यकर्ता हैं और चुनाव में शांतनु ठाकुर के लिए भी प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने अभी तक टिकट के लिए आवेदन नहीं किया है। रात के अंधेरे में पोस्टरबाजी करने वाले मेरे शुभचिंतक हैं। उनसे कहो मेरे हाथ से मिठाइयां खायें। यह विपक्ष की साजिश है।

चूंकि बागदा भाजपा का गढ़ है, इसलिए हराधन को लगता है कि किसी बाहरी व्यक्ति ने आपसी कलह पैदा करने के लिए ऐसा किया है। बागदा ईस्ट ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष पारितोष कुमार शाह ने कहा कि दुलाल बर या हराधन हलदर तृणमूल कांग्रेस के नहीं हैं, वे भाजपा के सदस्य हैं, इसलिए यह उनका अपना मामला है। उन्होंने टिप्पणी की कि यह भाजपा के गुटीय संघर्ष का नतीजा है।

आयोग के अनुसार इन सीटों पर 10 जुलाई को मतदान होगा। वहीं मतगणना 13 जुलाई को की जाएगी। ये चार सीटें हैं- उत्तर 24 परगना जिले की बागदा, नादिया जिले की राणाघाट-दक्षिण, उत्तर दिनाजपुर जिले की रायगंज और कोलकाता की मानिकतला। मानिकतला में पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक साधन पांडे के निधन के कारण उपचुनाव जरूरी हो गया है।

हिन्दुस्थान समाचार /धनंजय /गंगा

   

सम्बंधित खबर