पांकी बराज को उपयोगी बनाने के होंगे प्रयास, नहर से खेतों को सालभर मिलेगा पानी: कालीचरण

पलामू, 13 जून (हि.स.)। चतरा का सांसद चुने जाने के बाद दिल्ली से लौटे कालीचरण सिंह यहां मेदिनीनगर परिसदन में रुके। यहां पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। सांसद ने क्षेत्र के किसानों को सालभर नहरों का पानी दिलाने के अपने संकल्प को दोहराया। उन्होंने मंडल डैम परियोजना को समय से पूरा करने में आ रही समस्याओं का निदान करने का भरोसा दिया।

सांसद कालीचरण सिंह ने यहां पत्रकारों से कहा कि दिल्ली से लौटने के बाद सीधे वे कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और उनका आभार व्यक्त करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद मतदाताओं से मिलकर उनका आभार व्यक्त करुंगा और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करुंगा। क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा करते हुए सांसद ने कहा कि योजनाएं तो कई बड़ी बनी, पैसे भी खर्च हुए, लेकिन वह अंजाम तक नहीं पहुंचीं। इसका लाभ ना तो किसानों को मिला और ना ही स्थानीय लोगों को। ऐसी योजनाओं में पांकी बराज भी शामिल है। बराज से नहर निकाली गई है, लेकिन किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंचता। बराज में पानी का ठहराव नहीं होता है। नहर से पानी छोड़े जाने पर आगे नहीं बढता। इसका लाभ नहीं मिलने की स्थिति में है। ऐसे में बारीकी से नहर वाले रूट का जायजा लेकर किसानों के खेतों की ओर जाने वाले रूट में नहर का पानी निकालने का प्रयास किया जाएगा, ताकि सिंचाई के लिए साल भर पानी हो सके।

उत्तरी कोयल परियोजना (मंडल डैम) के संबंध में पूछे जाने पर सांसद कालीचरण ने कहा कि केंद्र सरकार प्रभावितों को मुआवजा राशि देने के लिए पैसे भेजी है। राज्य सरकार चार महीने से पैसे अपने पास रखे है, उसका वितरण नहीं कर रही है। सरकार को यह डर है कि भाजपा को यह क्रेडिट चला जाएगा। इसके बावजूद उनकी पूरी कोशिश होगी कि मंडल डैम परियोजना को पूरा करने में आ रही समस्याओं का निदान कर ससमय इसे पूरा किया जाए, ताकि इसका भी लाभ मिल सके। जरूरत पड़ी तो दिल्ली में मामले को रखूंगा और संसद में उठाऊंगा।

चतरा संसदीय क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पोस्ता (अफीम) की खेती होने पर चिंता व्यक्त करते हुए सांसद ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्ष में इस अवैध नशीले कारोबार को खत्म करने को लेकर जो कार्रवाई होनी चाहिए थी, वह नहीं हुई। चतरा को अफगानिस्तान बनाने की कोशिश की जा रही है। नतीजा चतरा का इलाका इस नशीले गैरकानूनी कारोबार के लिए विख्यात हो गया है। प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई और जागरूकता की कमी नजर आई है। सांसद ने कहा कि वह अपने कार्यकाल में समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा खड़े रहने की योजना तैयार की है। सालभर खेती के लिए पानी मिले और पेयजल लोगों को नसीब हो, यह उनकी प्राथमिकता सूची में सबसे ऊपर है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 4.5 वर्ष में राज्य में जो विकराल स्थिति बनी उससे बीजेपी सरकार की वापसी होने जा रही है। अगर झारखंड में सरकार भाजपा की बनती है तो केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इस राज्य का सर्वांगीण विकास करेंगे।

मौके पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, वरिष्ठ नेता श्याम नारायण दुबे, विपिन बिहारी सिंह अजय दुबे सहित कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ िदलीप कुमार/सुनील

   

सम्बंधित खबर