घर में लगी आग में फंसी दो महिलाएं, पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला

हरिद्वार, 14 जून (हि.स.)। एक घर में लगी आग में घर की दो महिलाओं के फंस जाने से लोगों में अफरा तफरी मच गई। मौके पर पहुंची चीता पुलिस ने घर में फंसी दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। घटना रूड़की के बीटी गंज की है।

जानकारी के अनुसार रुड़की के बीटी गंज बाजार में पूर्व नगर पालिका चेयरमैन स्व. राजेश गर्ग का आवास है। शुक्रवार को अचानक घर में आग लग गई। घर के अंदर से आसपास के लोगों ने धुंआ निकलते देखा तो शोर मचाया। बाजार के व्यापारी घटनास्थल की ओर दौड़े। देखते ही देखते लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पाकर मौके पर चीता पुलिस पहुंची। घर के अंदर दो महिलाएं फंसी थीं, जिन्हें पुलिस ने बाहर निकाला। इसके साथ ही सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। इस घटना में घर में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी भी जलकर राख हो गई। अन्य सामान भी जलकर राख हो गया।

इस संबंध में सीओ रुड़की नरेंद्र पंत का कहना है कि दोनों महिलाओं को चीता पुलिस ने सकुशल बाहर निकाल लिया है, किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर