चीफ प्रॉक्टर प्रो. दिनेश गर्ग साहित्य संस्कृति संकाय के संकायाध्यक्ष नियुक्त

- सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने दी बधाई

- बोले,संकाय में नवाचार की गति को दिशा मिलेगी

वाराणसी,14 जून (हि.स.)। सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर प्रो. दिनेश कुमार गर्ग को साहित्य संस्कृति संकाय का संकायाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव राकेश कुमार ने शुक्रवार को इसके लिए आदेश निर्गत किया।

प्रो. गर्ग का कार्यकाल 16 जून 2024 से तीन वर्षों तक के लिए प्रभावी होगा। विश्वविद्यालय के प्राचीन राजशास्त्र एवं अर्थशास्त्र के विभागाध्यक्ष तथा चीफ प्रॉक्टर प्रो. दिनेश कुमार गर्ग को साहित्य संस्कृति संकाय का नवीन संकायाध्यक्ष बनाए जाने पर कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने शुभकामनाएं दी। कुलपति ने कहा कि प्रो. गर्ग के प्रशासनिक अनुभव के आधार पर उनकी सहजता और सादगी से संकाय के अंतर्गत सभी विभाग उत्तरोत्तर वृद्धि करते हुए नवाचार की गति को बढ़ाया जाएगा।

गौरतलब हो कि प्रो. गर्ग 23 जनवरी 2005 को विश्वविद्यालय में प्राचीन राजशास्त्र अर्थशास्त्र विभाग में सहायक प्राध्यापक पद पर नियुक्त हुए। इसके बाद वर्ष 2017 में सह आचार्य (एसोसिएट प्रोफ़ेसर) के रूप में प्रोन्नत हुए तथा 2017 में ही प्राचीन राजशास्स्त्र अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष बने। साथ ही उन्होंने प्रशासनिक पदों में एन.सी.सी. अधिकारी, एन.एस.एस. का समन्वयक तथा सहायक प्राक्टर, सहायक छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष, ओएसडी यूजीसी के दायित्व का निर्वहन किया। वर्ष 2022 में विश्वविद्यालय के चीफ़ प्रॉक्टर बने। इसके पहले जनवरी 2020 में प्रोफ़ेसर पद पर प्रोन्नत हुए। प्रो. गर्ग ने दस से अधिक ग्रंथों व 35 से अधिक शोधपत्र का लेखन किया है। संकायाध्यक्ष बनाए जाने पर प्रो. दिनेश कुमार गर्ग ने कहा कि इस संकाय को सम्पूर्ण संकाय के अध्यापकों के साथ मिलकर सामंजस्य के साथ कुलपति के दिशा-निर्देश के आधार पर एक समृद्ध एवं आदर्श संकाय के रूप में निर्मित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/मोहित

   

सम्बंधित खबर