होली पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था के कारण घर नहीं जायेंगे पुलिसकर्मी

लखनऊ, 21 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक (कार्यवाहक) प्रशान्त कुमार ने कहा कि होली पर्व पर पूरे प्रदेश में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाने, सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने और शांति पूर्वक त्यौहार को सम्पन्न कराने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगायी गयी है। इसके साथ ही होली पर्व पर पुलिसकर्मी छुट्टी लेकर घर नहीं जायेंगे।

पुलिस महानिदेशक ने अपने बयान में कहा कि आज 21 मार्च से होली के तीसरे दिन 27 मार्च तक कोई पुलिसकर्मी छुट्टी नहीं मांगेगा। किसी भी पुलिसकर्मी को छुट्टी नहीं दी जायेगी। वहीं जो भी पुलिसकर्मी छुट्टी पर चले गये हैं, उन्हें भी इंचार्ज पत्र भेजकर वापस ड्यूटी पर बुलाये। होली पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी।

उन्होंने कहा कि होली के साथ चुनाव के माहौल में सुरक्षा इंतजाम की और भी जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश पुलिस के कंधे पर है। प्रदेश के समस्त पुलिस कमिश्नर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए छुट्टी पर गये पुलिसकर्मियों को वापस बुला लें। किसी आपात स्थिति में ही पुलिसकर्मियों की छुट्टी स्वीकार की जायेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ शरद/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर