कैथल: जनवरी में हुई कोर्ट मैरिज और जून में गला घोंटकर की हत्या

ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज

कैथल, 14 जून (हि.स. )। कस्बा पूंडरी में प्रेम विवाह के 5 महीने बाद ससुराल के बाहर विवाहित की लाश मिली। उसके गले पर निशान थे। मृतका के पिता की शिकायत पर शुक्रवार को पुलिस ने उसकी ससुराल वालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। फिलहाल इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पाई गेट पूंडरी निवासी मृतका के पिता दयानंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी लडकी संगीता ने जनवरी 2024 में गांव गुल्लरपुर थाना निसिंग जिला करनाल निवासी रामेश्वर के साथ प्रेम विवाह कर लिया था। वे पूंडरी रहते थे। शादी के बाद उन्होंने इस रिश्ते को अपना लिया और अपनी हैसियत के मुताबिक लड़की को दान दहेज भी दिया। इसके बाद उन्होंने लड़की के घर आना-जाना भी शुरू कर दिया था, लेकिन उसके कुछ समय बाद संगीता का पति रवि व उसके परिवार वाले संगीता को दहेज लाने के लिए मारपीट करने लगे। उसको मानसिक व शारिरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। संगीता ने शर्म के मारे उन्हें कुछ नहीं बताया, लेकिन जब हद पार हो गई तो करीब डेढ़ महीना पहले फोन पर संगीता ने बताया कि उसे उसका पति रवि, ससुर रामेश्वर, सास व दो ननदे बार-बार दहेज के लिए ताने देकर मानसिक रूप से परेशान करती थी और

सभी मिलकर दहेज लाने के लिए मारपीट करते थे। घर वालों से फोन पर बात भी नहीं करने देते थे। वह ससुराल वालों से छुपाकर उनको फोन करती थी। शुक्रवार सुबह उनके पास फोन आया कि उनकी लड़की संगीता ने फांसी लगा ली है। सूचना पाकर जब वह उनके घर खटीक मोहल्ला पूंडरी में पहुंचा तो उसकी लड़की संगीता अमृत अवस्था में जमीन पर पड़ी थी। उसने पास जाकर देखा तो उसके गले में गला घोटने के निशान पड़े हुए थे। चौकी प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने लड़की के पति रवि,ससुर रामेश्वर, सास व दो ननदों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार/नरेश/संजीव

   

सम्बंधित खबर