जींद जिला जेल में कैदी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की देखरेख में चिकित्सक बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम

जींद, 14 जून (हि.स.)। जिला कारागार में शुक्रवार को हत्या सहित कई संगीन धाराओं में सजायाफ्ता कैदी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने पर जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल प्रशासन ने इसे आत्महत्या का मामला बता रहा है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया।

संत नगर निवासी शुभम हत्या, अपहरण करने तथा छह पाक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत उम्रकैद की सजा जिला कारागार में भुगत रहा था। शुक्रवार को शुभम ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगा आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस तथा जेल उच्च अधिकारियों को दी गई। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी नागरिक अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। मृतक परिजनों का कहना था कि शुभम ने फांसी क्यों लगाई और इसके पीछे क्या कारण है, यह जांच का विषय है।

इस मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के दिशा-निर्देशन में चिकित्सक बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवा गया है। मृतक के भाई सौरभ ने बताया कि उनकी गत दिवस शाम को जेल के फोन से बातचीत हुई थी। सौरभ ने कोई ऐसी बात नही बताई और न ही बातचीत से काई परेशानी झलकी। अब उसके भाई ने जेल में फांसी लगाई है तो कोई न कोई बात रही होगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार/ विजेंद्र/सुनील

   

सम्बंधित खबर