उप्र में 20 जून से तेज होंगी मानसूनी गतिविधियां

कानपुर, 15 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी व लू का प्रकोप बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि 20 जून से उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज होंगी। इससे तराई के क्षेत्रों में बूंदाबांदी व हल्की बारिश की संभावना बढ़ गई है। इसके साथ ही कानपुर मंडल में बादलों की आवाजाही तेज हो जाएगी जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिणी छत्तीसगढ़, दक्षिणी ओडिशा, असम और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश, पूर्वोत्तर भारत, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और तटीय कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश, ओडिशा, दक्षिणी गुजरात के कुछ हिस्सों, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, उत्तरी छत्तीसगढ़, रायलसीमा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और पश्चिमी हिमालय में हल्की बारिश हो सकती है। कानपुर मंडल सहित पूरे उत्तर प्रदेश,पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, झारखंड और उत्तराखंड में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रह सकती है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू संभाग, पूर्वी मध्य प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में लू की स्थिति बनी रह सकती है। मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और कानपुर मंडल सहित उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात का मौसम गर्म रहने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 45.0 और न्यूनतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 36 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 18 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 10.1 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं किन्तु वर्षा की कोई संभावना नहीं है। दिन और रात के तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं। साथ ही कानपुर मंडल में लू और गर्मी वाली स्थित अभी बनी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/पवन

   

सम्बंधित खबर