ब्रेन स्ट्रोक के बाद गुजरात सरकार के मंत्री भीखूसिंह परमार आईसीयू में भर्ती

- गांधीनगर में चाय-नाश्ता करते समय ब्लड प्रेशर बढ़ा

अहमदाबाद, 19 जून (हि.स.)। गुजरात सरकार के नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री भीखूसिंह परमार की तबियत बिगड़ने के बाद बुधवार को उन्हें अहमदाबाद के यूएन मेहता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। गांधीनगर स्थित निवास स्थान पर सुबह चाय-नाश्ता के दौरान उनका ब्लड प्रेशर बढ़ गया। भीखूसिंह को ब्रेन स्ट्रोक आने की प्राथमिक जानकारी मिली है। राजनीतिक जीवन में 70 वर्षीय परमार ने सरपंच से लेकर राज्य सरकार में मंत्री तक के लंबे और संघर्षमय जीवन का सफर तय किया है।

भीखूसिंह परमार ने विधायक बनने के लिए 1995 से लेकर वर्ष 2022 तक 5 बार चुनाव लड़ा। इसमें वे 4 बार पराजित हुए और अंत में वर्ष 2022 में भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर भूपेन्द्र पटेल सरकार में राज्य मंत्री बने हैं। पहली बार वे वर्ष 1995 में विधानसभा का चुनाव लड़े थे। बाद में उन्होंने वर्ष 2002 में निर्दलीय चुनाव लड़ा। इस चुनाव में भी वे हार गए। इसके बाद वर्ष 2007 में बसपा के टिकट पर चुनाव लड़े, किन्तु इस बार भी वे चुनाव हार गए। वर्ष 2017 में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े, परंतु इस बार भी उन्हें 1640 वोट से हार का सामना करना पड़ा।

वर्ष 2022 में भाजपा ने फिर इन्हें टिकट दिया। इस बार वे पहली बार मोडासा सीट से चुनाव जीतकर विधायक बने। विधायक का चुनाव लड़ने से पूर्व वर्ष 1978 में वे सरपंच का चुनाव जीतने में सफल हुए थे। इस दौरान परिवार का निर्वहन करने के लिए वे गुजरात राज्य पथ परिवहन निगम में हेल्पर के रूप में नौकरी करते थे। बसों की साफ-सफाई करना उनका काम था।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/दधिबल

   

सम्बंधित खबर