वज्रपात की चपेट में आने से तोरपा के तीन लोग घायल

खूंटी, 19 जून (हि.स.)। तोरपा प्रखंड के अलग-अलग गांव में बुधवार की शाम को वज्रपात की चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गये। टाटी टुराटोली में उसी गांव के बिरसा आईंद (55) ठनका की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार वह मवेशी चराकर घर लौट रहा था। घर पहुंचने के पूर्व अचानक ठनका गिरा, जिसकी चपेट में बिरसा आ गया। उसे एम्बुलेंस से तत्काल रेफरल अस्पताल तोरपा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल खूंटी भेज दिया गया। एक अन्य घटना में चुरगी गांव के पास वज्रपात की चपेट में आने से सुसारी कंडुलना ( 15) तथा संगीता गुड़िया ( 14) घायल हो गयी। सुसारी रनिया थाना क्षेत्र के बनई तथा संगीता तपकारा तुबीटोली की रहने वाली है। जानकारी के अनुसार दोनों चुरगी की तरफ घूमने गयी थी। उसी बीच बारिश होने लगी।

बारिश होने पर वे वहीं सड़क किनारे एक घर में रुक गयी। उसी दौरान वज्रपात हो गया और उसकी चपेट में दोनों आ गयी। दोनों को रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल

   

सम्बंधित खबर