फरीदाबाद: निगम कर्मचारियों ने उपायुक्त कार्यालय पर किया जोरदार प्रदर्शन

फरीदाबाद, 20 जून (हि.स.)। नगर पालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के आह्वान पर गुरुवार को निगम कर्मचारियों ने सेक्टर 12 स्थित उपायुक्त कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन करते हुए जिला उपायुक्त के प्रतिनिधि सीटीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कर्मचारियों ने गुरुग्राम के 26 सफाई कर्मचारी नेताओं की टर्मिनेशन वापस लेने सहित सरकार के समक्ष कई अन्य मांगें रखीं।

प्रदर्शन की अध्यक्षता नगर पालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के जिला प्रधान दिलीप सिंह बहोत ने की तथा मंच का संचालन सफाई कर्मचारी यूनियन के सचिव कृष्ण चिंडालिया ने किया। प्रदर्शन में विशेष रूप से संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री व उप महासचिव सुनील चंडालिया, ऑडिटर परसराम अधना, सचिव अनूप वाल्मीकि, उप प्रधान कमला व सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान करतार सिंह जागलान, जिला सचिव युद्ध वीर सिंह खत्री, जिला कोषाध्यक्ष मास्टर भीम सिंह, वरिष्ठ उप प्रधान बलबीर सिंह बालगोहर भी उपस्थित रहे।

राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री व जिला प्रधान दलीप बोहत, सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान गुरुचरण खांडिया ने कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए सरकार को दलित एवं कर्मचारी विरोधी बताते हुए कहा कि सफाई कर्मचारियों का सरकार व ठेकेदार मिलकर शोषण कर रहे हैं। पिछले 10 वर्षों में एक भी सीवर व सफाई कर्मचारी को पक्का नहीं किया गया है। भाजपा सरकार ने सफाई व सीवर के कार्य में ठेका प्रथा को बढ़ाकर समाज के सबसे गरीब हिस्से को ठेकेदारों का गुलाम बना दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार/मनोज/सुमन/संजीव

   

सम्बंधित खबर