जल संसाधन मंत्री ने पुष्कर कॉरिडोर विकास योजना का प्रजेंटेशन देखा

अजमेर, 20 जून(हि.स)। जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने गुरुवार को पुष्कर कॉरिडोर विकास से संबंधित प्रजेंटेशन देख कर अपने सुझाव दिए। रावत ने अजमेर विकास प्राधिकरण को गांवों से अतिक्रमण हटाने, सरकारी विभाग, अस्पताल व स्कूलों के लिए भूमि आरक्षित करने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के निर्देश पर तीर्थराज पुष्कर के विकास के लिए प्रस्तावित योजना का प्रथम प्रजेंटेशन गुरुवार को जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने देखा। अजमेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने जिला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित, आयुक्त नित्या के. एवं पुष्कर नगर पालिका अध्यक्ष कमल पाठक की उपस्थिति में प्रजेंटेशन दिया। जल संसाधन मंत्री रावत एवं जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना इस तरह से तैयार की जाए कि किसी व्यक्ति को परेशानी नहीं हो। सबके साथ एवं सहमति से ही योजना तैयार होगी।

अजमेर विकास प्राधिकरण ने पुष्कर के विकास के लिए प्रस्तावित कॉरिडोर के प्रथम चरण में 275 करोड़ रुपये की योजना तैयार की है। इनमें पुष्कर सरोवर के चारों ओर घाटों का जीर्णोद्धार, सरोवर विकास, पाथ वे, मंदिरों में विकास एवं अन्य कार्य करवाए जाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि पुष्कर कॉरिडोर विकास कार्यों में घाटों का विकास करवाया जाएगा। इसके तहत सभी घाटों का जीर्णोद्धार होगा। घाटों के चारों तरफ ऊपर की ओर वर्तमान टिन शेड हटा कर पक्की छत व सीढ़ियां बनाई जाएंगी ताकि श्रद्धालु आराम से परिक्रमा कर सकें। सरोवर के साथ लगती सीढ़ियों पर सेफ्टी रिंग वॉल प्रस्तावित की गई है ताकि स्नान करने वाले श्रद्धालु आराम से स्नान कर सकें एवं सुरक्षित भी रहें। सरोवर के एक कोने पर बने राम सेतु का भी सौन्दर्यीकरण प्रस्तावित किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि प्रजेंटेशन में अन्य भी कई विकास कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें आकर्षक लाइटिंग, सरोवर पर प्रवेश करने के द्वारों का जीर्णोद्धार व सौन्दर्यीकरण, साइन बोर्ड, सरोवर में पर्याप्त पानी के ठहराव की व्यवस्था, फीडर सुधार, मल्टीलेवल पार्किंग, पाथ वे, सड़कों का सुधार, लैण्ड स्केपिंग, डिसिल्टिंग पॉण्ड, ब्रह्मा मंदिर, वराह मंदिर एवं अन्य मंदिरों का विकास, सभी मूर्तियों की क्यू.आर. कोड, ग्रीन वॉल, एन्ट्री प्लाजा एवं अन्य कार्य प्रस्तावित किए जाएंगे। रावत ने विभिन्न कार्यों पर अपने सुझाव दिए।

रावत ने एडीए को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्र में आने वाले सभी गांवों में सरकारी कार्यालयों, अस्पताल व स्कूलों के लिए भूमि आरक्षित की जाए ताकि भविष्य में विकास हो सके। इसी तरह श्मशानों के लिए भूमि की किस्म में बदलाव हो ताकि विभिन्न मदों से काम कराया जा सके। रावत ने पुष्कर का प्रवेश द्वार भी शीघ्र बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आरयूआईडीपी के तहत सीवरेज व अन्य कामों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर एवं एडीए अध्यक्ष डॉ. भारती दीक्षित ने बताया कि पुष्कर के मंदिर विकास से संबंधित एक सांस्कृतिक कमेटी का गठन किया जाएगा। यह कमेटी सुझाव देगी। इसी तरह पुष्कर का कॉरीडोर विकास इस तरह होगा कि किसी भी व्यक्ति को परेशानी ना हो। पुष्कर से संबंधित अन्य विकास कार्यों के भी प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भिजवाए जाएंगे। विभिन्न क्षेत्रों में टॉयलेट ब्लॉक भी बनवाए जाएंगे।

पुष्कर ब्रह्मा कोरिडोर निर्माण में आमजन को नहीं हो कोई नुकसान- राठौड़

पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने पुष्कर के प्रस्तावित ब्रह्मा कॉरिडोर निर्माण में जनभावना अनुरूप कार्य के संबंध में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को पत्र लिखा है। ताकि पुष्करवासियोे को किसी प्रकार आर्थिक के साथ कोई भी नुकसान नहीं हो। पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित कर बताया कि पुष्करवासियों की भावना को मुख्यमंत्री तक पहुंचाते हुए बताया कि पुष्कर तीर्थ में धार्मिक दृष्टि से ब्रह्मा कोरिडोर बनाया जाना प्रस्तावित है। पुष्कर तीर्थ में प्रस्तावित कॉरिडोर को लेकर समस्त पुष्कर शहर में यह आशंका है कि पुष्कर में इस कोरिडोर की सीमा में आने वाली निजी संपत्तियों में तोड़फोड़ की जाएगी। ऐसे में इस प्रस्तावित कॉरिडोर या गलियारे के निर्माण से पूर्व स्थानीय लोगों को आश्वस्त किए जाने की जरूरत है कि उनकी संपत्ति में उनकी सहमति के बिना किसी भी तरह की तोड़फोड़ या नुकसान नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम जनता को विश्वास में लिए बिना और उनकी भावना के विपरीत यदि यह कॉरिडोर निर्माण किया जाता है तो इससे जनता मे आक्रोश उत्पन्न होने की संभावना है। इसलिए बिना किसी अवरोध के पुष्कर तीर्थ में विकास कार्य हो, यह सभी की भावना है। सभी कहते है कि पवित्र पुष्कर सरोवर के क्षेत्र का विकास होना चाहिए। ऐसे में पुष्कर विकास के लिए आवश्यक कोरिडोर निर्माण को पुष्कर की जनभावना के अनुरूप और पुष्कर की आम जनता को विश्वास में लेकर ही किया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार/संतोष/संंदीप

   

सम्बंधित खबर