अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर गंगा किनारे भी दिखेगी योग की आभा

-काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम, शामिल होंगे कैबिनेट मंत्री एके शर्मा

वाराणसी, 20 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शुक्रवार को बाबा विश्वनाथ की नगरी योगमय दिखेगी। बाबा विश्वनाथ के धाम से गंगा तट, स्कूल-कॉलेजों, विश्वविद्यालयों के साथ सार्वजनिक पार्कों में भी लोग सार्वजनिक रूप से योगाभ्यास कर दुनिया को निरोग रहने का संदेश देंगे। दिवस पर मुख्य कार्यक्रम इस बार काशी विश्वनाथ धाम परिसर में होगा। यहां मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा शामिल होंगे। यहीं जिले के जनप्रतिनिधियों सहित सभी आलाधिकारी योग करेंगे।

मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल के अनुसार काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम होगा। यहां प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, जनप्रतिनिधि समेत सभी आलाधिकारी योग करेंगे। आदि योगी के दरबार में लगभग 1000 लोग योग करेंगे। इसके अलावा लगभग सभी गंगाघाटों समेत 50 स्थानों पर वॉलंटरी ऑर्गेनाइजेशन और एनजीओ मिलकर 25000 लोगों के साथ योग करेंगे। 694 ग्राम पंचायतों में 69400 लोग, 8 ब्लॉक में 4000 लोग, नगर निगम के करीब 100 पार्क में 20,000 लोग योग करेंगे।

-प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र से जाएगा संदेश

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत की ऋषि मुनियों की प्रचीन विद्या योग को विश्वपटल पर लाया है। अब दसवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र से 21 जून को योग की बड़ी तस्वीर दुनिया देखेगी। विश्वनाथ के आंगन में कार्यक्रम होगा तो इसका संदेश भी विश्व में जाएगा और लोग निरोगी काया के लिए योग को जीवन का अंग बनाएंगे।

उधर, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में उत्साह के साथ दसवां अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक मालवीय भवन प्रांगण में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जहां विश्वविद्यालय के शीर्ष पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी व अन्य सदस्य योगाभ्यास करेंगे। मालवीय भवन के मानित निदेशक तथा समन्वयक, योग साधना केन्द्र, प्रो. राजा राम शुक्ल ने बताया कि योगाभ्यास कार्यक्रम प्रातः 6.30 बजे से 7.30 बजे तक चलेगा। जिसमें योगाचार्यो के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को योगासन कराये जाएंगे। अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय के विभिन्न संस्थानों, संकायों तथा विभागों में भी विविध कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद् द्वारा एम्फीथिएटर मैदान में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया है। यह कार्यक्रम प्रातः 6.30 बजे से आरम्भ होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/आकाश

   

सम्बंधित खबर