तृणमूल ने कोलकाता में अपने दो पार्षदों को भेजा कारण बताओ नोटिस

कोलकाता, 22 जून (हि.स.)। जादवपुर-पाटुली इलाके में आपसी गुटबाजी को लेकर पार्टी ने अपने ही दो पार्षदों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पार्टी के एक सूत्र ने कहा कि पार्षद स्वराज मंडल और तारकेश्वर चक्रवर्ती को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है। सूत्रों ने दावा किया कि तृणमूल के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी ने मेयर फिरहाद हकीम के साथ चर्चा के बाद ये पत्र भेजा है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, जादवपुर-पाटुली इलाके में दो गुटों के बीच विवाद के कारण मंगलवार रात से ही अशांति फैली है। वहां बोरो नंबर 11 के चेयरमैन तारकेश्वर चक्रवर्ती के समर्थकों पर वार्ड नंबर 110 के तृणमूल पार्षद स्वराज मंडल की पिटाई का आरोप लगा है। स्वराज खेमे ने यह भी आरोप लगाया कि जादवपुर के विधायक देबब्रत मजूमदार तारकेश्वर के साथ हैं।

दोनों गुटों के बीच नोकझोंक की शुरुआत वार्ड नंबर 110 के पार्टी कार्यालय में धरना देने से हुई। जब स्वराज वहां बैठने गईं तो तारकेश्वर के अनुयायियों ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि स्वराज को उस पार्टी कार्यालय की कुर्सी पर नहीं बैठने दिया जाएगा। पहले तो इसी को लेकर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसके बाद मारपीट हुई। आरोप है कि स्वराज के कान पर मुक्का मारा गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

स्वराज का आरोप है कि इस घटना से वार्ड 104 के पार्षद और बोरो चेयरमैन तारकेश्वर जुड़े हुए हैं। सप्ताह में कम से कम एक दिन स्थानीय विधायक देबब्रत मजूमदार उस तृणमूल कार्यालय में बैठते हैं और बाकी दिन पार्षद। उस दिन विवाद की जानकारी होने पर मेयर ने सार्वजनिक रूप से पार्षदों की निंदा की थी। अब दोनों को कारण बताओं नोटिस दिया गया है। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर