चंडीगढ़: स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को अपनाएं: मंत्री महिपाल ढांडा

-गरीबी उन्मूलन के साथ भारत को विकसित बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों को दें मजबूती

- सूरजकुंड में सीएक्सओ मीट में मंत्री ढांडा ने महिलाओं को सशक्त बनाने में मांगा उद्योगपतियों से सहयोग

चंडीगढ़, 22 जून (हि.स.)। हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री महिपाल ढांडा ने उद्योगपतियों तथा समाज के समर्थ लोगों का आह्वान किया कि वे स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को अपनाकर गरीब के घर में हर रोज दिवाली मनवाने का संकल्प लें, सरकार भी गरीबों की भलाई के लिए तत्पर है। गरीबी उन्मूलन के साथ भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों को मजबूत बनाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करें।

विकास एवं पंचायत मंत्री महिपाल ढांडा शनिवार को फरीदाबाद के सूरजकुंड में आयोजित स्वयं सहायता समूहों की सीएक्सओ मीट को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के अंतर्गत हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वावधान में किया गया। सीएक्सओ मीट का शुभारंभ करते हुए ढांडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया, जिसे हासिल करने के लिए प्रदेश सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है। भारत को पुन: विश्व गुरु बनाने के लिए देश की आधी आबादी (महिलाओं) को सशक्त बनाना होगा, जिसमें उद्योगपतियों का विशेष सहयोग अपेक्षित है।

पंचायत मंत्री ने कहा कि को-आपरेटिव विभाग भी उनके पास है, जिसके माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि के लिए प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि वे नकदी फसलों को लेकर किसानों के लिए एक पॉलिसी का निर्माण करवायेंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि एनसीआर में दूध-दही-घी की अत्यधिक मांग है, जिसे पूरा करने लिए वीटा बूथों को स्थापित करवाएंगे।

इस दौरान कौशल विकास भारत सरकार के निदेशक एसके तिवारी तथा हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की सीईओ डा. अमरिंदर कौर ने अपने संबोधन में विस्तृत रूप में स्वयं सहायता समूहों तथा युवाओं के कौशल विकास के लिए चलाई जा रही योजनाओं की महत्वपूर्ण जानकारी दी। सीएक्सओ मीट के दूसरे सत्र में विस्तार से कौशल विकास पर चर्चा की गई। साथ में स्वयं सहायता समूहों को आगे बढ़ाने पर मंथन किया गया। इस मौके पर कौशल प्रशिक्षण लेकर नौकरी हासिल करने वाले युवाओं सहित इस दिशा में बेहतरीन योगदान देने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान मंत्री ढांडा ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थापित विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया और महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/दधिबल

   

सम्बंधित खबर