मुख्यमंत्री खांडू की मां के निधन पर राज्यपाल व उपमुख्यमंत्री ने व्यक्त किया शोक

ईटानगर, 26 जून ( हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल केटी परनायक (सेवानिवृत्त) और उपमुख्यमंत्री चोना मेन ने राज्य के मुख्यमंत्री पेमा खांडू की मां लेकी ज़ांगमु के निधन पर शोक व्यक्त किया।

राज्यपाल परनायक बुधवार को मुख्यमंत्री के आवास पर पहुंचे और मुख्यमंत्री पेमा खांडू की मां जांगमु के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। राज्यपाल ने शोक संदेश में कहा कि मैं दिवंगत आत्मा को शाश्वत शांति और शोक संतप्त परिवार को अपूरणीय क्षति सहन करने की शक्ति देने के लिए भगवान बुद्ध से प्रार्थना करता हूं। राज्य के उपमुख्यमंत्री चोना मेन ने मुख्यमंत्री खांडू की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने भी जांगमु के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर शोक संवेदना व्यक्त की।

उल्लेखनीय है कि अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू की मां लेकी ज़ांगमु उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थीं और टोमो रीबा इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड मेडिकल साइंसेज नाहरलागून में इलाज चल रहा था। आज उनका निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार के लिए 27 जून सुबह तवांग जिले के उनके पैतृक गांव ले जाया जायेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू/सुनील

   

सम्बंधित खबर