प्री मानसून ने शहर को भिगोया : ग्रामीण इलाकों पर भी मेहरबान हुए इंद्रदेव

जोधपुर, 27 जून (हि.स.)। दक्षिण पश्चिमी मानसून का प्रदेश में प्रवेश हो चुका है। अब तक प्री मानसून से अछूते रहे मारवाड़ में गुरूवार को दोपहर बाद इंद्रदेव मेहरबान हुए और जमकर बरसे। शहर में गली मोहल्लों चौराहों पर पानी ही पानी हो गया। जमकर बरसे मेघ से मौसम खुशनुमा होने के साथ लोगों के चेहरों पर रौनक छा गई। बारिश में भीगने का छोटे से लेकर बड़ों तक ने आनंद लिया।

शहर में पिछले कई दिनों से बारिश का हो रहा इंतजार खत्म हो गया है। गुरुवार को दोपहर व शाम को तेज बारिश हुई। इस प्री मानसून की बारिश के कारण लोगों को धूप से राहत मिली लेकिन उमस ने कहर बरपाना शुरू कर दिया।

राजस्थान में मानसून की एंट्री का असर अब जोधपुर में नजर आ रहा है। आज दोपहर बादलों की आवाजाही के साथ जोधपुर के कुछ इलाकों में बारिश शुरू हो गई है। धीरे-धीरे यह बारिश पूरे शहर में होने लगी। एक बजे के बाद हल्की हवा के साथ बादलों ने अपना डेरा डालना शुरू कर दिया जिससे तापमान में गिरावट महसूस की गई। बारिश शुरू होते ही शहर के अधिकांश इलाकों में बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। इसके बाद शाम पौने चार बजे एक बार फिर बारिश ने पूरे शहर को भिगोया। इस दौरान तेज बारिश से लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की लेकिन उमस का जोर रहा।

सुबह साफ रहा मौसम

इससे पहले शहर में आज सुबह मौसम साफ रहा। तेज धूप के चलते पारा 40 तक पहुंच गया था लेकिन धीरे-धीरे बादल छाने और आसपास के क्षेत्र में बारिश होने के बाद हवा चलने से पारा फिर से नीचे आने लग गया। मौसम विभाग की माने तो धीरे-धीरे जिले में बादल और भी गहरे छाएंगे। इसका असर तापमान पर साफ नजर आएगा। तापमान गिरने से लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिलेगी। जोधपुर में मानसून की बारिश के लिए दो से तीन दिन का इंतजार करना पड़ेगा। इसके बाद जिले में राहत की बूंदें बरसेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर