बारिश से बढ़ा नैनी झील का जल स्तर, कृष्णापुर मार्ग पर गिरे पत्थर

नैनीताल, 27 जून (हि.स.)। नैनीताल में बीते 24 घंटों में 95 मिलीमीटर बारिश हुई है। इस दौरान नगर के तल्लीताल जेल रोड से कृष्णापुर मार्ग पर पत्थर गिरे। बारिश के दौरान लोगों की आवाजाही न होने के कारण कोई इसकी चपेट में नहीं आया।

नगर में पिछले चौबीस घंटे से लगातार हो रही बारिश से नैनी झील का जलस्तर गुरुवार सुबह बढ़ा है। इसके बाद भी दोपहर तक नगर में बारिश होती रही और जल स्तर बढ़ता रहा। बारिश के दौरान नगर के तल्लीताल जेल रोड से कृष्णापुर मार्ग पर पत्थर गिरने शुरू हो गये। स्टाफ क्वार्टर के समीप से कुछ बड़े पत्थर कृष्णापुर के आवासीय क्षेत्र की ओर भी गिरे। एक विशाल पत्थर मार्ग पर भी गिरा। बारिश के दौरान लोगों की आवाजाही न होने के कारण कोई इसकी चपेट में नहीं आया। अन्यथा यह जानलेवा भी हो सकता था। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इस तीक्ष्ण ढाल वाले क्षेत्र में हर वर्ष बरसात के मौसम में पत्थर गिरते हैं।

उल्लेखनीय है कि कृष्णापुर की पहाड़ी पर ही दूसरी ओर बलियानाला की ओर दशकों से भूस्खलन हो रहा है और इधर इसके सुदृढ़ीकरण के कार्य भी हो रहे हैं।

बच्चे व कामकाजी लोग भीगकर पहुंचे

नैनीताल। गुरुवार को सुबह इतनी तेज बारिश थी कि बच्चे विद्यालयों में और कामकाजी लोग अपने काम पर भींगकर पहुंचे। इस दौरान सड़कों पर नाले से बहने लगे, जबकि नाले और सीवर लाइनें उफन पड़ीं। इससे नैनी झील में बड़े पैमाने पर गंदगी पहुंचीं। इन स्थितियों में नगर में सैलानी भी थमे नजर आये। अन्य दिनों की तरह सुबह से ही लगने वाला जाम आज नजर नहीं आया।

हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. नवीन जोशी/सत्यवान/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर