कूचबिहार में महिला कार्यकर्ता पर हमले के खिलाफ विधानसभा में प्रदर्शन करेंगे भाजपा विधायक

कोलकाता, 28 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक इस सप्ताह कूचबिहार में भाजपा की महिला कार्यकर्ता पर हमले के विरोध में एक जुलाई से विधानसभा परिसर में धरना शुरू करेंगे। कूचबिहार जिले के माथाभांगा में घोक्साडांगा पुलिस स्टेशन में महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, दो जून को उसे सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की कुछ महिला कार्यकर्ताओं ने घेरकर पीटा।

उसने आरोप लगाया कि महिलाओं ने उसकी साड़ी उतार दी और उसे उसी हालत में करीब एक किलोमीटर तक घसीटा। पश्चिम बंगाल विधानसभा में भाजपा विधायक दल के नवनिर्वाचित मुख्य सचेतक शंकर घोष ने पहले ही अध्यक्ष विमान बनर्जी को एक पत्र लिखकर सोमवार से प्रस्तावित प्रदर्शन के बारे में सूचित कर दिया है। शुक्रवार को उन्होंने इस बारे में जानकारी दी। घोष ने बताया कि प्रदर्शन हर हाल में किया जाएगा। हालांकि, इस मामले में अध्यक्ष की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

इस बीच, कूचबिहार पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि महिला भाजपा कार्यकर्ता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, पुलिस ने गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान उजागर करने से इनकार कर दिया है।

इस बीच, राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने इस घटनाक्रम का संज्ञान लिया है। एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट कर इस घटना पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने कहा है कि आयोग ने राज्य पुलिस को मामले में दर्ज एफआईआर में भारतीय दंड संहिता के प्रासंगिक प्रावधानों को लागू करने का निर्देश दिया है।

बयान में कहा गया है कि आरोपितों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए और पीड़िता को मुफ्त चिकित्सा उपचार प्रदान किया जाना चाहिए। इस मामले में निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की आवश्यकता है, जिसमें तीन दिनों के भीतर आयोग को एक विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत की जानी चाहिए। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश/गंगा

   

सम्बंधित खबर