कैथल में मानसून की पहली बारिश से लोगों को राहत, धान की फसल को फायदा

बरसात के बाद करनाल रोड व लघु सचिवालय के आगे सड़क पर भरा पानी

7 जुलाई तक जारी रह सकती है बरसात

नाले साफ ने होने से सड़कों पर भरा पानी

कैथल, 4 जुलाई (हि.स.)। पड़ोसी जिलों में लगातार तीन दिन से बारिश होने के बावजूद कैथल अभी भी बारिश का इंतजार कर रहा था। गुरुवार को मानसून ने कैथल में भी सुबह सवेरे दस्तक दे दी। सुबह तड़के 2 से 4 बजे के बीच में हुई बरसात से मौसम सुहाना हो गया और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। वहीं फसलों को भी लाभ पहुंचा है।

मौसम विभाग ने कैथल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मानसून की पहली ही बरसात में शहर के नालों की भी पोल खोल दी। निकासी न होने के कारण शहर के कई क्षेत्रों में पानी भर गया। करनाल रोड, कुरुक्षेत्र रोड, अंबाला रोड के अलावा अर्जुन नगर, नानपुरी कॉलोनी, सीवन गेट, देवीगढ़ रोड, जींद रोड मॉडल टाउन व सुभाष नगर की सड़कों पर बरसात के कारण पानी जमा हो गया। शहर के नालों की सफाई न होने के कारण पानी सड़कों पर भर गया। सुबह 10 बजे तक कैथल में रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। दूसरी ओर इस बारिश से किसानों के चेहरे चमके उठे। खेतों में खड़ी धान की फसल सूखने के कगार पर पहुंच गई थी। इस बारिश से धान की फसल को बहुत फायदा होगा।

बारिश होने से तापमान भी नीचे आ गया। बरसात के बाद गुरुवार को कैथल का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री दर्ज किया गया। बारिश के बाद तापमान में 6 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। कैथल में 3.1 एमएम बरसात हुई। बरसात के दौरान 18 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा के रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में 7 जुलाई तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। दक्षिण पश्चिम मानसून की सक्रियता अगले तीन-चार दिन तक बारिश हो सकती है।मानसूनी हवा के कारण 4 से 7 जुलाई के दौरान बीच-बीच में बादल रहने और हवा व गरज चमक के साथ राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ एक क्षेत्रों में तेज बारिश की भी हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार/नरेश/सुमन/सुनील

   

सम्बंधित खबर