कांग्रेस सरकार में विकास कार्य ठप: अनुराग ठाकुर

नालागढ, 4 जुलाई (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने गुरुवार को नालागढ़ विधानसभा उपचुनाव में नालागढ़, दत्तोवाल, बरुना, बैरक्षा व नंड में जनसंपर्क और जनसभाएं की। इस दौरान उन्होंने लोगों से भाजपा उम्मीदवार केएल ठाकुर को विजयी बनाने व नालागढ़ में भी कमल खिलाने का आह्वान किया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जब-जब कांग्रेस सत्ता में आती है। विकास कार्य ठप हो जाता है और अवैध क़ब्ज़ा बढ़ना शुरू हो जाता है।

उन्होंने कहा कि नालागढ़ में केएल ठाकुर ने भाजपा के डबल इंजन की सरकार में लगभग 550 करोड़ रुपये के विकास कार्यों यहां लाने का काम किया, मगर प्रदेश में जैसे ही कांग्रेस की सरकार बनी तो दुर्भावना से ग्रसित होकर विकास कार्यों पर तालाबंदी कर दी गई है। कांग्रेस ने मात्र 1.5 साल में 25 हजार करोड़ का कर्ज लेकर प्रदेश पर कर्ज का बोझ 95 हजार करोड़ पहुंचा दिया।

भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश को दिया तो कुछ नहीं लेकिन यहां चल रहे स्वास्थ्य संस्थान, शिक्षा केंद्र, सरकारी स्कूल में बच्चों को दी जाने वाली वर्दियां हों या मज़दूरों को मिलने वाली सुविधाएं हों सब बंद करने का काम किया। कांग्रेस बताए आखिर जनता का क़सूर क्या है। एक तरफ़ वो कहते हैं कि हमने हिंदुओं को हराकर कांग्रेस की सरकार बनाई दूसरी तरफ़ वो मूलभूत सुविधाओं जैसे बिजली, पानी व सड़क के लिए भी प्रदेश की जनता को तरसा रहे हैं।”

अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की सरकार अपने ही उद्योगों को चौपट करने में लगी है, जबकि मैंने हमारे ट्रक यूनियन के अनुरोध पर मध्यप्रदेश की सरकार से बात करके एंट्री टैक्स बंद करा कर प्रति ट्रक 2500 रुपये का फ़ायदा कराने का काम किया है। कांग्रेस बताए कि उसने प्रदेश के हित में पिछले 18 महीने में क्या काम किया है। झूठी गारंटियां देकर सिर्फ़ जनता को ठगने का काम कांग्रेस सरकार ने किया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ सुनील/सुनील

   

सम्बंधित खबर