कल्कि मूवमेंट ने गौ हत्यारों को पकड़ने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस का शुक्रिया किया

जम्मू, 4 जुलाई (हि.स.)। वीरवार को जम्मू बस स्टैंड पर कल्कि मूवमेंट की ओर से एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस प्रेस वार्ता का विषय सोशल मीडिया पर गाय हत्या का वीडियो वायरल करने वाले आरोपियों की जम्मू कश्मीर पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी के संदर्भ में था। कल्कि मूवमेंट के सदस्यों ने जम्मू कश्मीर पुलिस के कार्य की सराहना की और कहा कि गौ माता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है।

कल्कि मूवमेंट ने सरकार से मांग की कि गाय की रक्षा के लिए एक सख्त कानून बनाया जाए, जैसे नशा तत्वों के खिलाफ कड़े कानून बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि गाय हत्या करने वालों की संपत्तियां जब्त की जानी चाहिए, उनकी गाड़ियां भी जब्त होनी चाहिए और उन्हें फांसी की सजा मिलनी चाहिए ताकि गौ माता की हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लग सके।

कल्कि मूवमेंट के सदस्य कुशल शर्मा ने कहा कि लगातार पशु तस्करों द्वारा इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। यही पशु तस्कर नशा तस्करी, आतंकवाद को बढ़ावा देने और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल हैं। इनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। कल्कि मूवमेंट के सदस्य ठाकुर अर्जुन सिंह ने कहा कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाना चाहिए, ताकि गाय हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जा सके। उन्होंने जम्मू कश्मीर पुलिस की तारीफ की और कहा कि इन अपराधियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि कोई भी दोबारा जम्मू कश्मीर में गाय हत्या जैसा कृत्य न कर सके। इस प्रेस वार्ता में कुशल शर्मा, ठाकुर अर्जुन सिंह, संजीव दुबे, विक्रम महाजन, आशुतोष, राजकुमार, तनवीर सिंह मनहास, जसवंत सिंह, सुमित सिंह और अन्य साथी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार/राहुल/बलवान

   

सम्बंधित खबर