-खिंदौड़ा कांड: आरोपियों को असलहे उपलब्ध कराने और मुखबिरी करने वाला 50 हजार का इनामी गिरफ्तार

गाजियाबाद,12जुलाई(हि.स.)। निवाड़ी थानाक्षेत्र के खिंदौड़ा गांव के जंगल में बाग में पानी चलाने का लेकर हुए दो पक्षों के विवाद के बाद पिता व पुत्र की हत्या करने वाले आरोपियों को हथियार उपलब्ध कराने व

मुखबिरी करने वाले आसिफ को स्वाट टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

डीसीपी ग्रामीण विवेक चंद्र यादव ने बताया कि आरोपी आसिफ ने सुधीर त्यागी पक्ष को दो ‌पिस्टल उपलब्ध कराई थीं और पप्पू व उसके बेटों की बाइक पर आने की सूचना भी दी थी।उसने सुधीर त्यागी पक्ष की इस विवाद में मदद की थी। वारदात से पहले दो पिस्टल सुधीर के बेटे मोहित उर्फ बादशाह को उपलब्ध कराने के साथ ही आसिफ ने पप्पू की अपने बेटों के साथ बाइक पर जाने की सूचना दी थी। सूचना के आधार पर सुधीर पक्ष ने उनका रास्ता घेर लिया और फिर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर पप्पू व उसके एक बेटे को मौत के घाट उतार दिया था। पप्पू का दूसरा बेटा चांद गंभीर रूप से जख्मी हो गया था।

उन्होंने बताया कि मेरठ के जॉनी थानाक्षेत्र निवासी पप्पू कुरैशी ने खिंदौड़ा गांव निवासी वेदप्रकाश त्यागी का बाग ठेके पर लिया हुआ था। 21 जून की शाम पप्पू कुरैशी अपने दो बेटों शाहनवाज उर्फ राजा और चांद के साथ रजवाहे से पानी दे रहा था। उनका पड़ोस वाले बाग के मालिक सुधीर त्यागी से विवाद हो गया था। देर रात जब पप्पू अपने दोनों बेटों के साथ बाइक पर सवार होकर घर जा रहा था तो सुधीर त्यागी पक्ष के लोगों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। राजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच गोलियां लगने के बाद चांद भाग निकला। उसे गंभीर हालत में मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पप्पू का शव 22 जून की सुबह रजवाहे से मिला था।मामले में 22 जून की सुबह बिलाल की तहरीर पर निवाड़ी थाने में एफआइआर दर्ज की गई थी। उसी दिन मामले में नामजद सुधीर त्यागी, सुधीर त्यागी के बेटे बिट्टू और दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया था। मोहित उर्फ बादशाह पुत्र सुधीरऔर लवली पुत्र संजीव को 27 जून को गिरफ्तार कर लिया। दो अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 50 हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया। आठ जुलाई को 50 हजार का इनामी दीपक भी गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस ने मामले में फरार 50 हजार के दूसरे इनामी आसिफ निवासी खिंदौड़ा को गिरफ्तार किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / फरमान अली / Siyaram Pandey

   

सम्बंधित खबर