संविधान हत्या दिवस मनाए जाने के निर्णय का किया स्वागत

देहरादून, 12 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने 25 जून को संविधान हत्या दिवस मनाए जाने के निर्णय का स्वागत किया है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि वर्तमान और आने वाले वाली पीढ़ी को 25 जून, 1975 का वो कड़वा सच जानने की जरूरत है, जिसके तहत तत्कालीन कांग्रेस सरकार की ओर से आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोटा गया। लाखों सामाजिक एवं राजनैतिक कार्यकर्ताओं को बिना किसी जुर्म के सलाखों के पीछे भेज दिया गया। समाचार पत्रों एवं पत्रकारों पर प्रतिबंध लगाकर अभिव्यक्ति की आजादी छीनी गई।

उन्होंने कटाक्ष किया कि संविधान समाप्त होने का झूठ फैलाने वालों को यह दिन याद दिलाता रहेगा कि कैसे न्यायालय के निर्णयों और संसद का अपहरण कर संविधान समाप्त किया गया। जो लोग लोकतंत्र की हत्या की अफवाह प्रसारित करते हैं, उनकी आंखें भी शर्म से झुक जाएंगी जब इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर हुए अत्याचार का जिक्र होगा।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार / वीरेन्द्र सिंह

   

सम्बंधित खबर