शासकीय लेखा प्रशिक्षण हेतु 30 जनवरी तक आवेदन आमंत्रित

जगदलपुर 02 जनवरी(हि.स.)। शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला बस्तर संभाग जगदलपुर द्वारा 01 मार्च से शुरू होने वाले लेखा प्रशिक्षण सत्र के लिए 30 जनवरी 2024 तक लिपिक वर्गीय कर्मचारियों से आवेदन पत्र आमंत्रित किया गया है। लेखा प्रशिक्षण का सत्र 01 मार्च 2024 से प्रारंभ किया जाना है। उक्त लेखा प्रशिक्षण सत्र की अवधि 01 मार्च 2024 से 30 जून 2024 तक 04 महीने की होगी। लिपिक वर्गीय कर्मचारियों को लेखा प्रशिक्षण शाला के उक्त सत्र में चयन एवं प्रवेश शासन के द्वारा पूर्व में जारी निर्देशानुसार प्रदान किया जाएगा।

प्राचार्य शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला बस्तर संभाग जगदलपुर से मिली जानकारी के अनुसार संस्था में प्रशिक्षण क्षमता संभाग के सभी 07 जिलों के लिए प्रति सत्र केवल 50 सीट निर्धारित है। प्रशिक्षण हेतु लिपिक वर्गीय कर्मचारियों का नियमित सेवाकाल तीन वर्ष पूर्ण होना अनिवार्य है। यह सेवाकाल निरंतर एवं तृतीय श्रेणी लिपिकीय पद पर नियमित सेवाकाल होना चाहिए। कर्मचारी की परिवीक्षा अवधि समाप्त हो चुकी हो एवं तीन वेतन वृद्धियां नियमित रूप से प्राप्त होना चाहिए। लेखा प्रशिक्षण हेतु प्राप्त आवेदन पत्रों में से प्रशिक्षणार्थियों के चयन का सम्पूर्ण अधिकार संयुक्त संचालक, कोष लेखा एवं पेंशन जगदलपुर की अध्यक्षता में गठित चयन समिति को है।

कर्मचारियों के आवेदन पत्र प्रशिक्षण हेतु अनुशंसित करने के पूर्व सम्बंधित आहरण-संवितरण अधिकारी यह सुनिश्चित कर लेवें कि प्रशिक्षणार्थी प्रशिक्षण हेतु पूरी तरह स्वस्थ है एवं 04 महीने का प्रशिक्षण निरंतर एवं नियमित रूप से पूर्ण कर सकते हैं।

शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला में लेखा प्रशिक्षण के लिए उक्त आवेदन पत्र अंतिम तिथि 30 जनवरी 2024 संध्या 5.30 बजे तक विशेष वाहक या स्पीड पोस्ट द्वारा स्वीकृत किये जायेंगे। अंतिम तिथि के पश्चात् प्राप्त आवेदन पत्रों पर कोई विचार नही किया जायेगा। लेखा प्रशिक्षण के पूर्व सत्रों में चयन प्रवेश से वंचित कर्मचारियों के आवेदन पत्र स्वमेव निरस्त माने जायेंगे। उन्हे नवीन सत्र हेतु पुन: नवीन आवेदन पत्र प्रस्तुत करना होगा। लेखा प्रशिक्षण शाला में प्रशिक्षणार्थियों का चयन शासन के संदर्भित नियमों निर्देशों के अनुक्रम में किया जाएगा। अतएव आहरण-संवितरण अधिकारी,लेखा प्रशिक्षण सत्र 01 मार्च 2024 से 30 जून 2024 में लेखा प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु इच्छुक अधीनस्थ केवल लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के आवेदन पत्र लेखा प्रशिक्षण के सत्र में चयन एवं प्रवेश हेतु अंतिम तिथि के पूर्व प्राचार्य, शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला, बस्तर संभाग, कलेक्टोरेट परिसर, जगदलपुर, पिन कोड-494001 के पते पर अपनी अनुशंसा सहित प्रेषित करें।

हिन्दुस्थान समाचार/राकेश पांडे

   

सम्बंधित खबर