राम मंदिर: अक्षत लेकर घर-घर पहुंच रहे राम भक्त

उदयपुर, 03 जनवरी (हि.स.)। आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले श्री राम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के निमित्त उदयपुर शहर में भी कहीं राम धुन तो कहीं श्री राम जय राम जय जय राम के विजय महामंत्र की गूंज सुनाई दे रही है। समूचे क्षेत्र को राममय बनाने के लिए युवाओं की टोलियां इस सर्द मौसम में भी घर-घर जाकर आम जनमानस को अयोध्या से आए पूजित अक्षत, श्रीराम मंदिर का चित्र और कर पत्रक प्रदान कर 22 जनवरी को दीपोत्सव मनाने का आग्रह कर रही हैं।

समर्थ गुरु रामदास टोली के संयोजक धीरज बोड़ा ने बताया कि इस टोली के क्षेत्र में कुल 8 बस्तियों एवं 24 उपबस्ती की रचना बनाई गई है, जिसमें कुल 14 कार्यकर्ताओं की टोली में कुल 108 कार्यकर्ता प्रतिदिन घर-घर जाकर संपर्क कर रहे हैं।

हरित ऋषि टोली के संयोजक मनीष मेघवाल ने बताया कि सामाजिक समरसता के भाव को सुदृढ़ करते हुए युवा टोली सेवा बस्ती में घर-घर जाकर परिवार के मुखिया को भी प्राण प्रतिष्ठा के दिन अपने घर दीप जलाने और पास ही स्थित मंदिर में आयोजित होने वाले धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने का निमंत्रण दे रही है।

भुवाणा गांव में बुधवार सुबह समस्त गांववासी धनश्री वाटिका पर एकत्र हुए। तत्पश्चात शोभायात्रा के रूप में अक्षत कलश के साथ डीजे की धुन पर प्रभु श्रीराम, हनुमानजी की झांकी के साथ गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा निकाली गई और मंदिरों में अक्षत रखकर न्यौता दिया गया। क्षेत्रवासियों ने शोभायात्रा का पुष्प वर्षा से स्वागत किया। महिला मण्डल द्वारा कलश की आरती की गई। बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश लेकर मंगल गीत गाती चल रही थी। बच्चे, पुरुष अपने हाथो में भगवा ध्वज लिए नाचते, गाते प्रभु श्रीराम के नाम का उद्घोष लगाते आगे बढ़ रहे थे। ढोल नगाड़ों पर नाचते गाते श्रद्धालु गांव के मन्दिरों पर अक्षत रखते हुए अंत में श्री हनुमान मंदिर बावड़ी वाले पर पहुंचे जहां शोभायात्रा का समापन किया गया। प्रतापपुरा, कृष्णपुरा, भुवाणा, पुलां, शोभागपुरा क्षेत्र में कुल 1100 घरों में संपर्क किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/ सुनीता कौशल/संदीप

   

सम्बंधित खबर