विकास कार्यों की पैरवी में संयम और अनुशासन बरतें जनप्रतिनिधि : महेन्द्र भट्ट

-मंत्री और विधायक ने पार्टी नेतृत्व से खेद प्रकट किया

देहरादून, 03 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सभी मंत्रियों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों की पैरवी में संयम व अनुशासन बरतने को कहा है। कल के घटनाक्रम को लेकर को लेकर मंत्री और विधायक ने पार्टी नेतृत्व से खेद प्रकट किया है।

बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि विधायकों का जन सरोकारों से जुड़े विषयों को लेकर मंत्रियों और उच्च अधिकारियों से मिलना सामान्य बात है। इस दौरान क्षेत्र के विकास एवं जनता के मुद्दों को लेकर जनप्रतिनिधियों के बीच चर्चा और बहस होना स्वस्थ लोकतंत्र का परिचायक है।

उन्होंने कहा कि मंगलवार को वन मंत्री मंत्री के आवास के घटनाक्रम को पार्टी ने गंभीरता से लिया है और संबंधित मंत्री और विधायक से उनके पक्ष को लेकर जानकारी ली है। इसमें ज्ञात हुआ कि दोनों पक्षों का मकसद विकास के कामों में शीघ्रता लाते हुए अधिक से अधिक लोगों को उनका लाभ पहुंचाना था। हालांकि ऐसा करते समय तार्किक बहस और सार्वजनिक अनुशासन का हम सभी को पालन करने की आवश्यकता है। इसके बावजूद कल जिस तरह का व्यवहार प्रदर्शित किया गया उसे संगठन में कतई जायज नहीं ठहराया जा सकता है। फिलहाल इस संबंध में हुई बातचीत में दोनों ने अपने व्यवहार के लिए खेद जताया है और भविष्य में विशेष ध्यान रखने की बात कही है।

उन्होंने कहा कि विधायक के मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री धामी से बात हुई है और शीघ्र ही उसका समाधान हो जाएगा। उन्होंने पार्टी के सभी विधायकों,जनप्रतिनिधियों एवं मंत्रियों से सार्वजनिक जीवन में संयम और व्यवहारिक अनुशासन का पालन करने का आग्रह किया है।

इस दौरान पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात के बाद मीडिया के सामने कल के घटनाक्रम को लेकर खेद जताया है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर वह मंत्री से मिले थे, लेकिन कुछ तकनीकी बिंदुओं पर गलतफहमी के कारण यह पूरा प्रकरण हुआ। दोनों की मंशा जनकल्याण की है और दोनों पार्टी के अनुशासन से भी जुड़े हैं। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद सभी विषयों पर स्थिति स्पष्ट हो गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/रामानुज

   

सम्बंधित खबर