भाजपा नेता असीम राय के हत्यारों को बख़्शा नहीं जाएगा : किरण सिंह देव

रायपुर, 8 जनवरी (हि.स.)।कांकेर के पखांजूर में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और भाजपा नेता असीम राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। भाजपा नेता की हत्या होने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने दुख जताया है।

उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि पखांजूर के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और भाजपा जिला उपाध्यक्ष असीम राय की निर्मम हत्या की गई। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।आपकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। शोकसंतप्त परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य रखने की प्रार्थना करता हूं। विश्वास दिलाता हूं कि शासन-प्रशासन आपके साथ है, दोषियों को बख़्शा नहीं जाएगा।

उल्लेखनीय है कि पंखाजूर में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और भाजपा नेता असीम राय की बीती रात गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक भाजपा नेता को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारी थी और मौके से फरार हो गए थे। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. रविवार रात अज्ञात लोगों ने वारदात को अंजाम दिया। फायरिंग पखांजूर के पुराना बाजार में हुई। गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।कांकेर पुलिस के अनुसार भाजपा नेता और जिला उपाध्यक्ष असीम राय पखांजूर के पुराना बाजार पहुंचे थे। इसी दौरान इस दौरान अज्ञात हमलावरों ने इस घटना को अंजाम दिया।घटना की जानकारी के बाद कांकेर पुलिस मौके पर पहुंची हुई है। पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार /केशव शर्मा

   

सम्बंधित खबर