सिरसा: मांगों को मनवाने के लिए पटवारी-कानूनगो की फिर से हड़ताल शुरू

सिरसा, 8 जनवरी (हि.स.)। अपनी लंबित मांगों को मनवाने के लिए दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन ने सोमवार को फिर से हड़ताल शुरू कर दी है। यह हड़ताल 10 जनवरी तक चलेगी। पहले 3 से 5 जनवरी तक हड़ताल की गई थी। हड़ताल की वजह से जमीन से जुड़े कार्य करवाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। आज सुबह सिरसा जिले के पटवारी व कानूनगो लघु सचिवालय में एकत्र हुए। वहां पर उन्होंने धरना लगा दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

अब फिर से तीन दिन तक चलने वाली इस हड़ताल के दौरान पटवारी-कानूनगो भूमि रिकॉर्ड से जुड़ा कोई काम नहीं करेंगे। धरने पर बैठकर मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। हड़ताल के कारण जमीन पैमाइश, भूमि रिकार्ड, फसलों की वैरिफिकेशन आदि कार्य भी नहीं हो पाएंगे। वहीं डोमिशयल, जाति,रिहायशी प्रमाण पत्रों से संबंधित काम नहीं होंगे, क्योंकि ये प्रमाणपत्र बनने से पहले पटवारियों के हस्ताक्षर जरूरी होते हैं। लोगों को इससे परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के पदाधिकारी लाभ सिंह, रोहताश आदि ने कहा कि उनकी मांग है कि पटवारी-कानूनगो के बढ़ाए गए वेतनमान को 1 जनवरी 2016 से नोटिफिकेशन व 25 जनवरी, 2023 से वास्तविक रूप से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि नायब तहसीलदार की 3 साल से लंबित विभागीय परीक्षा व पटवारियों की स्थायी भर्ती आदि विभागीय समस्याओं को लेकर यह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मांग नहीं मानी तो वे इस हड़ताल को आगे भी बढ़ा सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/रमेश/सुमन/संजीव

   

सम्बंधित खबर