मत्स्य विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं : राज्य मंत्री पवार

भोपाल, 8 जनवरी (हि.स.)। मत्स्य एवं मछुआ कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पवार ने कहा कि विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन में पात्र हितग्राही को शत-प्रतिशत लाभ मिलना सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि मत्स्य विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं।

राज्य मंत्री पवार सोमवार को मंत्रालय में विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से मत्स्य विभाग की कामकाज एवं प्रशासकीय समिति की 108वीं बैठक में महत्वपूर्ण निर्देश दिये। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 के प्रस्तावित कार्यक्रम एवं भौतिक लक्ष्यों का अनुमोदन किया। उन्होंने कहा कि मत्स्य महासंघ कर्मियों को जनवरी 2023 से 38 प्रतिशत के स्थान पर 42 प्रतिशत अर्थात चार प्रतिशत महंगाई भत्ते की स्वीकृति प्रदान की है। महासंघ कर्मियों को 2020-21 की प्रोत्साहन राशि (एक्सग्रेशिया) भुगतान की स्वीकृति और अनुबंध जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। मंत्री पवार ने मछली उत्पादन बढ़ाने, मछली कारोबार से जुड़े लोगों के बेहतर कारोबार कराने के निर्देश दिये।

प्रबंध संचालक मत्स्य महासंघ अनुराग चौधरी ने विभागीय गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। प्रमुख सचिव कल्पना श्रीवास्तव, संचालक मत्स्य उद्योग भरत सिंह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर