इस वित्त पर्व में पूसीरे ने 13 मानवयुक्त समपार फाटकों को हटाया

NFRNFR

गुवाहाटी, 10 जनवरी (हि.स.)। सभी समपार फाटकों (एलसी) को हटाने संबंधी रेल मंत्रालय की योजना के अनुरूप पूर्वोत्तर सीमा रेल (पूसीरे) अपने जोन में मानवयुक्त समपार फाटकों पर संरक्षा को सुदृढ़ करने पर लगातार जोर दे रहा है। इस संबंध में आम लोगों को जागरूक करने के कई उपाय भी किये जा रहे हैं। पूसीरे अपने जोन में अब तक 13 मानवयुक्त समपार फाटकों को हटा दिया गया है।

पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सब्यसाची डे ने बुधवार को बताया कि पूसीरे ने चरणबद्ध तरीके से मानवयुक्त समपार फाटकों को हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। चालू वित्त वर्ष के दौरान 31 दिसंबर, 2023 तक कुल 13 मानवयुक्त समपार फाटकों को हटाया जा चुका है। समपार फाटकों के बदले पांच रोड ओवरब्रिज का निर्माण किया गया और अन्य मार्ग होकर आठ परिवर्तित कर मार्ग बनाए गए हैं। इनमें असम के नगांव में चार और जोरहाट, शोणितपुर, लखिमपुर, नलबाड़ी, चिरांग और मोरिगांव जिलों में एक-एक समपार फाटक हटाये गये, जबकि पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में दो समपार फाटकों को हटाया गया है। इसके अलावा, बिहार के कटिहार जिले में एक समपार फाटक को हटाया गया।

पूसीरे समपार फाटकों पर वैधानिक चेतावनी वाले संकेत के साथ सतर्कता/संकेतक बोर्ड प्रदान कर संरक्षा को सुदृढ़ कर रहा है। इन बोर्डों पर अनिवार्य सावधानियों का उल्लेख किया गया है, जब ट्रेनों के पहुंचने पर रेलवे फाटक बंद होने पर इसका पालन किया जा सके। इसके अलावा, जोन द्वारा सड़क उपयोगकर्ताओं को उनकी सुरक्षा के लिए समपार फाटकों पर कायदा-कानून का पालन करने के महत्व के बारे में सचेत करते हुए जागरूकता अभियान भी चलाये जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद/सुनील

   

सम्बंधित खबर