मप्रः सबलगढ़ के 12 गाँव ओलावृष्टि से हुए प्रभावित, प्रारंभिक सर्वे पूर्ण

- सात दिन के भीतर राहत राशि वितरित करने के निर्देश

ग्वालियर, 10 जनवरी (हि.स.)। गत 9 जनवरी को हुई ओलावृष्टि से मुरैना जिले के सबलगढ़ विकासखण्ड में 12 गाँव प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ओलावृष्टि से हुए नुकसान का जल्द से जल्द सर्वे कार्य पूर्ण कर सात दिन के भीतर राहत राशि वितरण करने के निर्देश जिला प्रशासन मुरैना को दिए हैं। यह जानकारी बुधवार को जनसम्पर्क अधिकारी हितेन्द्र सिंह भदौरिया ने दी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में मुरैना कलेक्टर अंकित अस्थाना ने ओला प्रभावित क्षेत्रों के लिये टीमें गठित कर प्रारंभिक सर्वे करा लिया है। प्रारंभिक सर्वे में छोटी सरसों की फसल में अधिक नुकसान सामने आया है। प्रारंभिक सर्वे में गेहूं में नुकसान नहीं बताया है।

कलेक्टर अस्थाना ने बताया कि सबलगढ़ विकासखण्ड के 12 गांव ओलावृष्टि से प्रभावित हुए हैं। जिनमें जलालगढ़, रसीलपुर, सिमरोदा किरार, झारेला, सिमरोदा अहीर, सालई, देवरा, ऐंचवाडा, सलमपुर, रामपुरकलां, रूनघान जागीर और धरसौला शामिल हैं।

कलेक्टर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार प्रारंभिक सर्वे के आधार पर सरसों की फसल में 45 से 50 प्रतिशत तक नुकसान दिखाई दे रहा है, गेहूं की फसल में नुकसान नहीं दिखाई दे रहा है। सर्वे का काम पूर्ण होने के बाद वास्तविक क्षति का प्रतिशत सामने आयेगा। ओलावृष्टि से 12 ग्रामों में कुल 3 हजार 70 कृषक प्रभावित हुये हैं। प्रभावित किसानों की 1195 हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित हुई है। छोटी सरसों की फसल में अधिक नुकसान हुआ है, जिनमें फली लग गई है, उनमें तुलनात्मक रूप से क्षति कम हुई है। अधिकतर प्रभावित कृषक लघु कृषक हैं, 50 प्रतिशत तक क्षति पर 16 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर एवं 50 प्रतिशत से अधिक क्षति पर कृषकों को 32 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर के हिसाब से राहत राशि प्रदान की जायेगी। राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों (आरबीसी 6-4) के अंतर्गत एक सप्ताह में प्रकरण स्वीकृत कर भुगतान की कार्यवाही पूर्ण कर ली जायेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर