केंद्र के दस साल अन्याय काल : चयनिका उनियाल

देहरादून 11 जनवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता एवं उत्तराखंड मीडिया प्रभारी चयनिका उनियाल ने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में केन्द्र की भाजपा सरकार पर करारा प्रहार किया।

पत्रकारों से वार्ता प्रभारी चयनिका ने कहा कि केंद्र भाजपा सरकार के दस साल के कार्यकाल को पिछले “पिछले दस साल अन्याय काल” संज्ञा दी जाना उचित होगा। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने हर क्षेत्र में लोगों को धोखा दिया है। देश में बेरोजगारों की संख्या जो 2012 में एक करोड़ थी आज 4 करोड़ हो गई है। महंगाई चरम पर है और घरेलू बचत 50 साल में निचले स्तर पर है। खेती किसानी के काले कानून के कारण 750 किसान शहीद हुए।

पिछले 10 वर्षों में दलितों के विरुद्ध अपराध में 46.11 प्रतिशत वृद्धि हुई जबकि भाजपा बलात्कारियों का संरक्षण कर रही है। कोविड के कुप्रबंधन के कारण 47 लाख लोग मारे गए। विश्व के तीन स्थानों में से एक भारत है। गरीब पर वार चरम पर है। सरकार ने लूट में मदद की है। स्टाक की कीमतें बढ़ाने के लिए अडानी को अनुमति देकर 32 हजार करोड़ का घोटाला किया है। अडानी के पास देश सम्पत्ति का 40 प्रतिशत हिस्सा है। चीन ने लगातार भारत की भूमि पर अतिक्रमण किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की है और 2014 के बाद ईडी, सीबीआई की 95 प्रतिशत जांच विपक्षी नेताओं के विरुद्ध हुई है। उन्होंने कहा कि देश की आपराधिक प्रक्रियाओं को बदलने वाले तीन विवादास्पद कानून पास कराने के लिए सरकार ने विपक्ष के 146 सांसदों को निलंबित कर दिया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार और भाजपा-आरएसएस नहीं चाहते कि भारत के लोग वास्तविकता देखें, लेकिन भारत को अब एहसास हो गया है कि वह हमारे नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” के माध्यम से आगामी 2024 चुनावों में एक साथ मिलकर शक्तिशाली तरीके से अपनी आवाज उठाएगा।

पत्रकार वार्ता में चयनिका उनियाल के साथ यशपाल आर्य, मथुरा दत्त जोशी, सूर्यकांत धस्माना, गरिमा दसौनी समेत तमाम लोग उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ साकेती/रामानुज

   

सम्बंधित खबर