सरकार राहुल की यात्रा में पैदा कर रही है कानूनी अड़चनें: कांग्रेस

गुवाहाटी, 11 जनवरी (हि.स.)। कांग्रेस के विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता देवब्रत सैकिया ने आरोप लगाया है कि सरकार राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में बाधा डालने के लिए कानूनी अड़चनें पैदा कर रही है। देबब्रत सैकिया आज असम प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि असम सरकार ने 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के दौरान कांग्रेस पार्टी की गाड़ियों को दो जिलों में सार्वजनिक मैदानों में रात भर रुकने को लेकर अर्चन पैदा कर रही है।

सैकिया ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा कि पार्टी अपने कंटेनर वाहनों को पार्क करने के लिए वैकल्पिक स्थानों के रूप में निजी कृषि भूमि पर विचार कर रही है, जहां राहुल गांधी सहित वरिष्ठ नेता रात भर रुकेंगे। सैकिया ने आरोप लगाया कि उन्हें शुरुआत में रात्रि प्रवास के लिए धेमाजी जिले के गोगामुख में एक स्कूल मैदान का उपयोग करने की अनुमति मिली थी, लेकिन बाद में अनुमति रद्द कर दी गई।

उन्होंने कहा कि 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू होने वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा का लक्ष्य 66 दिनों की अवधि में छह हजार 713 किमी की व्यापक दूरी तय करके जनता को जागरूक करना है। देवब्रत सैकिया ने कहा कि यात्रा का प्राथमिक फोकस भारत के लोगों के लिए आर्थिक न्याय, सामाजिक न्याय और राजनीतिक न्याय की वकालत करना है। नेताओं ने संविधान और राज्य के नीति निर्देशक सिद्धांतों को दोहराते हुए असमानताओं को दूर करने और एकता और समानता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर