स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाई

हरिद्वार, 12 जनवरी (हि.स.)। रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम कनखल तथा रामकृष्ण सेवा आश्रम समिति रुड़की ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाई। कार्यक्रम में शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक महेंद्र, हरिद्वार सांसद डॉक्टर रमेश पोखरिया निशंक, एम्स ऋषिकेश की डायरेक्टर डॉक्टर मीनू सिंह व रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम के सचिव स्वामी दयामूर्त्यानन्द महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक महेंद्र ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने पूरे विश्व को अपनी बातों से झकझोर कर रख दिया था। उन्होंने पूरे विश्व में भारत की उत्कृष्ट छवि को प्रस्तुत किया। स्वामी विवेकानंद के विचार हर युग में प्रासंगिक रहेंगे।

सांसद निशंक ने कहा कि भारत एक युवा देश है और स्वामी विवेकानंद हमारे आदर्श हैं। हम सबको स्वामी विवेकानंद के बताएं मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक हम अपना उद्देश्य पूरा ना कर लें तब तक हमें निरंतर अपने निर्धारित रास्ते पर चलते रहना चाहिए।

रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम के सचिव स्वामी दयामूर्त्यानन्द महाराज ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का नर सेवा नारायण सेवा का ध्येय वाक्य हम सबके लिए प्रेरणादायी है। मिशन उनके बताए मार्ग पर चलकर मानव सेवा के कार्य में लगा है।

कार्यक्रम में हरिद्वार जनपद और ऋषिकेश के 20 कॉलेज के चुने हुए प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, सूर्य नमस्कार एवं योग के आसन का प्रदर्शन किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर