स्वामी विवेकानंद ने भारत का नाम वैश्विक पटल पर लहराने का काम किया : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून, 12 जनवरी (हि.स.)। नींबूवाला गढ़ी कैंट स्थित हिमालय सांस्कृतिक केन्द्र में शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर राष्ट्रिय युवा दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने दीप प्रज्वलन कर किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अपनी छोटी सी आयु में ही भारत का नाम वैश्विक पटल पर लहराने का काम किया। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए उनके आदर्शों पर चलने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा युवा ही देश व राज्य के भाग्य निर्माता हैं। आज भारत युवाओं का देश हैं। युवाओं में अपार संभावनाएं हैं। बस जरूरत है तो हमें अपनी शक्ति को पहचानने की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने धर्म ध्वजा को विश्व में फहराया। उनका आध्यात्मिक रिश्ता देवभूमि से रहा है। उन्होंने कहा कि पूरा विश्व आज हमारे संस्कारों से परिचित हो रहा है। हम सभी को अपना परिवार मानते हैं यह हमारा संस्कार है। इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना संकट के दौरान धरातल पर उतारने का काम किया।

विवेकानंद जी की तरह अपने जीवन में एक लक्ष्य तय करना होगा: रेखा आर्या

कार्यक्रम में मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आज राष्ट्रीय युवा दिवस के जरिए स्वामी विवेकानंद के जीवन और शिक्षाओं को युवाओं के बीच पहुंचाने का काम किया जा रहा है। इससे उनके अंदर देशभक्ति की भावना को जगाया जा सके। साथ ही हम सबको स्वामी विवेकानंद की तरह अपने जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित करते हुए उस लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में कार्य करने की आवश्यकता है।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को राष्ट्रीय यूथ अवार्ड से सम्मानित करने के साथ ही महिला एवं युवक मंगल दलों को राज्यस्तरीय यूथ अवार्ड से सम्मानित किया गया। साथ ही महिला एवं युवक मंगल दलों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वालों को क्रमशः 1 लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की गई।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर