समाज के शैक्षणिक उत्थान के लिए आजीवन समर्पित रहे सर गणेश दत्त: विजय चौधरी

पटना, 13 जनवरी (हि.स.)। वित्त, वाणिज्य-कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने शनिवार को नालंदा जिलान्तर्गत हरनौत के उच्च विद्यालय, गोनावां-पोआरी के प्रांगण में स्थित सर गणेश दत्त सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। विद्यालय के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सर गणेश दत्त सिंह कर्म मार्गी व्यक्तित्व के धनी थे। वे आजीवन समाज के शैक्षणिक उत्थान के लिए समर्पित रहे।

विजय चौधरी ने कहा कि कई शैक्षणिक संस्थाओं, संगठन, लाइब्रेरी की स्थापना की। शिक्षा के विकास के लिए सार्वजनिक सहयोग के साथ व्यक्तिगत धन से भी दर्जनों शैक्षणिक संस्थाओं की स्थापना की। वर्तमान समय में लोग शिक्षा का महत्व बखूबी समझ रहे हैं लेकिन आज से सवा सौ साल-डेढ़ सौ साल पहले शिक्षा के महत्व को समझ कर उसके विकास और उत्थान के लिए काम करना साधारण बात नहीं थी। आज सर गणेश दत्त के उस दूरगामी सोच और समर्पण का लाभ समाज को मिल रहा है।

वित्त मंत्री ने कहा कि जिस प्रकार से करीब डेढ़ सौ साल पहले इस धरती के लाल ने शिक्षा के विकास के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया, उसी प्रकार वर्तमान समय में इसी धरती के लाल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किये हैं, जिसका परिणाम हम सभी को दिख रहा है। पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक शैक्षणिक उत्थान के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल निर्देशन में आधारभूत संरचनाओं के निर्माण के साथ-साथ बेहतर शैक्षणिक प्रबंधन किए गए हैं।

इस अवसर पर सर गणेश दत्त सिंह के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित स्मारिका का विमोचन किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/ गोविन्द/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर