वन विभाग ने दफलंग एवं बाघमारी बील में मछली पकड़ने की दी अनुमति

नगांव (असम), 14 जनवरी (हि.स.)। काजीरंगा में मछली पकड़ने को लेकर रविवार सुबह वन विभाग के कर्मियों और मछुआरों में विवाद होने से कलियाबोर के नहरूबस्ती में तनाव उत्पन्न हो गया। इसमें एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विवाद के बाद वन विभाग ने मछली पकड़ने की अनुमति दे दी।

राज्य में माघ बिहू के अवसर पर राज्य के बील और जलाशयों में ग्रामीणों द्वारा सामूहिक मछली पकड़ने की एक लंबी परंपरा है। अपनी परंपरा का पालन करते हुए राज्यवासी प्रत्येक वर्ष सामूहिक रूप से मछली पकड़ते हैं। इसी के लिए लोगों का एक समूह मछली पकड़ने के लिए नहरुबस्ती में इकट्ठा हुआ था। राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर भारी तनाव उत्पन्न हो गया। मछली पकड़ने आए एक व्यक्ति का वन कर्मी के साथ विवाद हो गया, जिसके चलते वह घायल हो गया। घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके कुछ देर के बाद काजीरंगा में मछली पकड़ने की वन विभाग ने अनुमति दे दी।

बूढ़ापहाड़ वन रेंज में दफलंग बील (झील) में मछली पकड़ने की अनुमति वन विभाग ने दी है। काजीरंगा के बाघमारी बील में भी मछली पकड़ने की अनुमति है। लोगों की मांग पर काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान प्राधिकरण ने मछली पकड़ने की अनुमति दे दी है। नगांव और गोलाघाट जिला प्रशासन ने काजीरंगा में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगाया था। काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के क्षेत्र में कई बील और जलाशय हैं, जिसमें मछली पकड़ने को लेकर वन विभाग और ग्रामीणों के बीच हर विवाद देखने को मिलता है।

हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद/सुनील

   

सम्बंधित खबर