घायल वृद्ध की उपचार के दौरान मौत

जौनपुर,14 जनवरी (हि.स.)।खुटहन थाना अंतर्गत भटपुरा गांव में एक सप्ताह पूर्व मनबढ़ों द्वारा पड़ोसी के घर में घुसकर लाठी -डंडा और कुल्हाड़ी से हमला किया गया जिसमें वृद्ध सहित सात लोग घायल हो गए थे। गंभीर रूप से घायल वृद्ध ने बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान रविवार को दम तोड़ दिया।

गांव निवासी राजेश कुमार बिंद का आरोप था कि वह शाम को खाना खाकर बिस्तर पर सो रहा था। तभी पड़ोसी अरविंद बिंद नशे में धुत होकर भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा। मना करने पर मारपीट करने लगा। कुछ देर बाद उसके अलावा दस और लोग लाठी डंडा और कुल्हाड़ी लेकर पहुंच गए और बिस्तर पर सो रहे 80 वर्षीय धनई बिंद,उनके पुत्र राजेश, धर्मेंद्र, पौत्र अभिषेक, अमित, पत्नी कैलाशी और पुत्रवधु अनीता पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। 80 वर्षीय धनई बिंद ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस मामले में रविवार को थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि गैर इरादतन हत्या का केस बढ़ा दिया जाएगा।मौत की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक शहर बृजेश कुमार सहित क्षेत्राधिकारी शहर ने भी मौके पर पहुँच कर मामले की जानकारी ली।

हिन्दुस्थान समाचार/विश्व प्रकाश/सियाराम

   

सम्बंधित खबर