अंर्तराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव में आस्था विद्या मंदिर के दो छात्र व शिक्षक का चयन

दंतेवाड़ा, 15 जनवरी (हि.स.)। जिले के गीदम एजुकेशन सिटी जावंगा स्थित आस्था विद्या मंदिर इंग्लिश मीडियम स्कूल के दो छात्र सागर भास्कर व रैयनो राज मरकाम समेत व्याख्याता अमुजुरी बिश्वनाथ का चयन 09वें भारत अंर्तराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव (आईआईएसएफ) 2023 संस्करण के लिए हुआ। यह आयोजन 17 से 20 जनवरी तक अमृतकाल में विज्ञान और प्रौद्योगिकी की सार्वजनिक पहुंच (आउटरीच) विषय पर फरीदाबाद, हरियाणा में किया जा रहा है।

इस विश्व स्तरीय महोत्सव में कुल 17 विधाओं में कार्यक्रम हो रहा है। इसमें छात्र साइंस विलेज विधा में दंतेवाड़ा के सागर भास्कर व रैयनो राज मरकाम छत्तीसगढ़ दल के साथ हिस्सा लेंगे। बच्चों के साथ व्याख्याता अमुजुरी बिश्वनाथ भी आकांक्षी भारत के लिए शिक्षा-राष्ट्रीय विज्ञान शिक्षक कार्यशाला, साइंस गेम्स एंड टॉयस, विज्ञानिका विज्ञान साहित्य सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस महोत्सव का उद्देश्य भारत में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचारों के क्षेत्र में उपलब्धियों की एक विस्तृत शृंखला का उत्सव मनाते हुए उन्हें उजागर करना है। यह कार्यक्रम विभिन्न कार्यकलापों जैसे राष्ट्रीय और अंर्तराष्ट्रीय विशेषज्ञों द्वारा संगोष्ठी, वक्ताओं के साथ परस्पर बातचीत, प्रदर्शनियों, प्रतियोगिताओं, कार्यशालाओं, गतिविधियों और प्रौद्योगिकी शो आदि के माध्यम से सभी हितधारकों के बीच संयोजन रखता है। इस उपलब्धि पर आज सोमवार को दंतेवाड़ा कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, कुमार बिश्वरंजन, प्रमोद ठाकुर, ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

हिन्दुस्थान समाचार, राकेश पांडे

   

सम्बंधित खबर