बकाया गन्ना भुगतान को लेकर कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन

बिजनौर, 16 जनवरी (हि.स.)। गन्ना मूल्य वृद्धि व बकाया भुगतान को लेकर भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के बैनर तले मंगलवार को कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया गया।

जिलाध्यक्ष चौधरी वीर सिंह सहरावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाकियू लोकशक्ति पदाधिकारी व कार्यकर्ता सुबह बजे गन्ना समिति परिसर में एकत्रित हुए। इसके बाद गन्ना किसानों की प्रमुख समस्याओं पर विचार विमर्श के बाद जुलूस की शक्ल में प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां पर गन्ना किसानों की प्रमुख समस्याओं व मांगों को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।

धरना प्रदर्शन में उपस्थित किसान साथियों को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने बताया कि शासन प्रशासन की किसान विरोधी नीतियों से किसानों की आर्थिक स्थिति दयनीय बनी हुई है। एक तरफ तो प्रकृति की मार कभी सूखा कभी बाढ़ग्रस्त होने से फसलों को भारी नुकसान होता हैं। वहीं, दूसरी तरफ शासन प्रशासन भी किसानों को कोई राहत देने में लगातार नाकाम साबित हो रहा है। किसानों की आय दोगुनी करने के नाम पर हर वर्ष किसानों को गन्ना मूल्य वृद्धि के नाम पर झुनझुना थमाया जाता है।

उन्होंने कहा कि शुगर मिलों का संचालन शुरू हुए तीन महीने बिताने पर भी अभी गन्ना मूल्य की घोषणा नहीं की गयी है। गन्ना मूल्य घोषित करने में देरी को लेकर किसानों को उत्तर प्रदेश सरकार की नीयत पर संदेह हो रहा है। किसी षडयंत्र के तहत किसानों का उत्पीड़न किया गया तो उसके विरूद्ध भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति संगठन किसी भी संघर्ष को सदैव तैयार है। इस दौरान मुख्यमंत्री को सम्बोधित एक ज्ञापन सदर तहसीलदार को सौंपकर सभी समस्याओं के शीध्र निस्तारण की मांग की है।

धरना-प्रदर्शन में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष के अलावा राष्ट्रीय महासचिव चौधरी पदम सिंह, सतबीर सिंह, देवेंद्र सिंह, गौरव चौधरी, सहजाद अली, नईम मुंशी अली सहित बड़ी संख्या में भाकियू लोकशक्ति पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/नरेन्द्र/दीपक/मोहित

   

सम्बंधित खबर