विश्व की पहली मैनेजमेंट की किताब हैं जातक कथाएं: डॉ. चावला

विश्व की पहली मैनेजमेंट की किताब हैं जातक कथाएं: डॉ. चावला

- सांची बौद्ध विवि में हुआ सैल के रिटायर्ड इंजीनियर का व्याख्यान, बोले- पूरा ग्रंथ ही मैनेजमेंट पर आधारित

भोपाल, 16 जनवरी (हि.स.)। सांची बौद्ध भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय में मंगलवार को आयोजित व्याख्यान में भगवान बुद्ध की जातक कथाओं के माध्यम से मैनेजमेंट (प्रबंधन) को समझने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सैल) के रिटायर्ड मेटलर्जीकल इंजीनियर डॉ. जसबीर सिंह चावला ने कहा कि जातक कथाएं विश्व की पहली मैनेजमेंट की किताब हैं।

डॉ. चावला ने विश्वविद्यालय के बौद्ध दर्शन के छात्रों को ‘जातक अट्ठ कथाओं में प्रबंध शास्त्र’ के माध्यम से बताया कि तीसरी शताब्दी में बुद्ध घोष ने इस ग्रंथ को लिखा था। इस ग्रंथ के माध्यम से जातक कथाओं की समस्त 547 कथाओं को व्याख्यायित कर दिनचर्या में कैसे मैनेजमेंट किया जा सकता है, यह बताया था। यह ग्रंथ पाली भाषा में लिखा गया था, जिसका कि 1926 में हिंदी में अनुवाद किया गया था।

चमत्कार के प्रदर्शन को अपराध मानते थे गौतम बुद्ध

व्याख्यान की अध्यक्षता करते हुए सांची विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वैद्यनाथ लाभ ने कहा कि गौतम बुद्ध मानते थे कि चमत्कार से अहंकार का प्रदर्शन होता है और यह अहंकार ही मुक्ति में बाधक होता है और इससे आध्यात्मिक प्रगति रुक जाती है। यहां तक कि अहंकार को उन्होंने अपराध की श्रेणी में सम्मिलित किया था और दूसरों को पीड़ा से मुक्त करना ही बोधिसत्व है। उन्होंने बताया कि जातक कथाएं दरअसल बुद्ध के पूर्व जन्म की कहानियां हैं।

डॉ. जसबीर के अनुसार जातक अट्ठ कथाओं में लिखी हर कथा में एक बोधिसत्व के माध्यम से प्रबंधन को स्पष्ट किया गया है। उनका दावा है कि दुनिया की पहली मैनेजमेंट की किताब जातक कथाएं हैं। उन्होंने बताया कि कैसे बुद्ध ने जैतवन विहार में भिक्षुओं को चमत्कार दिखाए जाने से वर्जित कर दिया था। इसके बाद जब उन्हें चुनौतियां दी गईं तो एक आम को ज़मीन पर गड़वा दिया, जिससे तत्काल ही 50 फीट ऊंचा बड़ा होकर उसमे फल लगने लगे।

प्रो. लाभ ने कहा कि सांची विश्वविद्यालय जातक कथाओं के के माध्यम से मिलने वाले मैनेजमेंट के पाठ को एप्लाइड बौद्धिज़म के पाठ्यमक्रम को डिज़ाइन कर उसमें सम्मिलित करेगा।

विश्वविद्यालय के डीन प्रो. नवीन कुमार मेहता ने कहा कि बुद्ध को समझने के लिए जातक कथाओं को समझना ज़रूरी है और जातक कथाओं को समझने के लिए बुद्ध को। उन्होंने कहा कि जातक कथाओं की सभी 547 कहानियों में जीवन का सार है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर