भाजपा मुख्यालय में नेताओं ने लगाया जनता दरबार

जम्मू, 18 जनवरी (हि.स.)। वीरवार को भाजपा नेताओं ने त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में जनता की शिकायतों को सुना। पार्टी उपाध्यक्ष चंद्र मोहन गुप्ता (पूर्व मेयर), सचिव विकास चौधरी और स्वच्छ भारत अभियान के प्रभारी दिल बहादुर सिंह जम्वाल ने व्यक्तियों और प्रतिनिधिमंडलों द्वारा की गई शिकायतों को सुना। आने वाले लोगों और प्रतिनिधिमंडलों की शिकायतों पर ध्यान देते हुए, चंद्र मोहन गुप्ता ने आम लोगों के मुद्दों पर ध्यान देने के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का कर्तव्य है कि वह राष्ट्र प्रथम, पार्टी द्वितीय और स्वयं अंतिम के सिद्धांत पर चलते हुए जरूरतमंदों और वंचित लोगों की सेवा करें।

उन्होंने जोर देकर कहा कि अन्य राजनीतिक दल केवल अपने स्वार्थों की पूर्ति करते हैं और उन्होंने दशकों-दशकों तक भोली-भाली आबादी का लगातार शोषण किया है जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने हर जरूरतमंद और उपेक्षित वर्ग को सीधा लाभ पहुंचाया है। इसी बीच गांदरबल, न्यू प्लॉट, कठुआ, जम्मू कृष्णा नगर, पुरानी मंडी, गांधी नगर, महानपुर, त्रिकुटा नगर और अन्य स्थानों से लोग अपनी शिकायतें लेकर इन नेताओं से मिलने त्रिकुटा नगर कार्यालय पहुंचे थे। मुख्य मुद्दे गलियों और नालियों के निर्माण, स्ट्रीट लाइटों की नई स्थापना और मरम्मत, नए मार्क 2 हैंड पंपों की स्थापना, सेरी पंडितां में सड़क का निर्माण, जेकफेड कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति लाभ तथा अन्य से संबंधित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/राहुल/बलवान

   

सम्बंधित खबर