मप्रः मुख्यमंत्री आज सागर में करेंगे कानून-व्यवस्था की समीक्षा, जन आभार यात्रा में होंगे शामिल

- जिले के अनेक विकास कार्यो का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे मुख्यमंत्री

सागर, 20 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री पद का दायित्व संभालने के बाद डॉ. मोहन यादव आज (शनिवार को) पहली बार सागर आएंगे। वे यहां जन आभार यात्रा में शामिल होंगे। इसके साथ सागर संभाग में कानून-व्यवस्था की समीक्षा और विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी केके जोशी ने दी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव का दोपहर 12.30 बजे हैलीकॉप्टर से पुलिस लाईन हैलीपेड पर आगमन होगा। जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उनकी आगवानी करेंगे। हैलीपेड के बाहर मुख्यमंत्री विभिन्न संगठनों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों से भेंटकर ज्ञापन लेंगे। इसके बाद डॉ. यादव हैलीपेड के गेट से जन आभार यात्रा में शामिल होंगे।

जन आभार यात्रा का मार्ग लगभग डेढ़ किलो मीटर का होगा। मुख्यमंत्री की जन आभार यात्रा विवेकानंद चौराहा, जिला पंचायत चौराहा, चर्च चौराहा, लाल स्कूल, झंडा चौक, काली तिराहा होते हुए एम.एल.बी. तिराहा पहुंचेगी, जहां से वे पीटीसी मैदान पर आयोजित आभार सभा स्थल पहुंचेंगे।

जन आभार यात्रा के मार्ग में जगह-जगह मुख्यमंत्री डॉ. यादव का बुंदेली परम्परा और संस्कृति के अनुरूप भव्य स्वागत होगा। छात्र-छात्राएं भी उन्हें लाउड स्पीकर प्रतिबंधित करने पर आभार व्यक्त करेंगे। वहीं जैन समाज सहित अन्य सामाजिक संगठन खुले में मांस और अंडा के विक्रय पर प्रतिबंध लगाने के लिए धन्यवाद देंगे। डॉ. यादव दोपहर 1.10 बजे पीटीसी ग्राउंड पर आयोजित आभार सभा को संबोधित करेंगे। जिले के अनेक विकास कार्यो का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भी करेंगे।

संभागीय समीक्षा बैठक

मुख्यमंत्री डॉ. यादव दोपहर 3.00 बजे से कलेक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में सागर संभाग की समीक्षा बैठक लेंगे। सर्वप्रथम वे आईजी, डीआईजी, कलेक्टर्स और पुलिस अधीक्षकों के साथ सागर संभाग में कानून एवं व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। दोपहर 3.30 बजे से डॉ. यादव विकास कार्यो के संबंध में संभागीय समीक्षा बैठक लेंगे। संभागीय समीक्षा बैठक के बाद वे पुलिस लाईन स्थित हैलीपेड से हैलीकॉप्टर द्वारा भोपाल रवाना हो जाएंगे।

लोकार्पण एवं भूमिपूजन

मुख्यमंत्री सागर जिले के लिए 62.03 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 10.94 करोड़ के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इनमें सागर स्मार्ट सिटी द्वारा निर्मित किये गये 26.80 करोड़ के बस टर्मिनल, 13.87 करोड़ के ट्रांसपोर्ट नगर एवं मैकेनिक्स कॉम्पलेक्स, 6 करोड़ के 20 चाईल्ड वेलफेयर सेंटर (आंगनवाड़ी) एवं 42 लाख रुपये से 2 जोनल सिटीजन फैसिलिटेशन सेंटर का लोकार्पण और लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित 1.94 करोड़ के कनेरा गोड से मनक्याई मार्ग लंबाई दो किमी एवं 3.57 करोड़ के लरेठी से तहरोली अब्दापुर मार्ग लंबाई 3.10 कि.मी. तथा नगर निगम द्वारा निर्मित 1.17 करोड़ के मीट मार्केट का लोकार्पण करेंगे। साथ ही मप्र ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण के द्वारा निर्मित 8.26 करोड़ के एन.एच. से रवारा से बुढ़ना (एमडीआर) मार्ग का लोकार्पण शामिल है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शासकीय विभागों की विभिन्न योजनाओं जिनमें उज्जवला, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान कार्ड लाभ प्राप्त हितग्राही, स्वाईल हेल्थ कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान एवं टीबी योजना के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर