गौशालाओं में होंगे दो दिवसीय महोत्सव: सफाई महाअभियान के साथ होगा गौ माता का पूजन

जयपुर, 20 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि में बन रहे मंदिर में प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के दृष्टिगत मंदिरों के साथ-साथ अब प्रदेश की गौशालाओं की भी सफाई के लिए अभियान चलेगा। इस कार्य की पहल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद ने की है।

परिषद के संरक्षक डॉ. अतुल गुप्ता ने बताया कि रविवार को प्रदेश की गौशालाओं में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत श्री पिंजरापोल गौशाला में दोपहर 2 बजे की जाएगी। गौशाला परिसर में करीब सौ से अधिक गौभक्त गौशाला परिसर में बिखरे प्लास्टिक के कचरे व गंदगी की साफ-सफाई करेंगे। शाम को गौशाला परिसर में रोशनी की जाएगी। इसके बाद सोमवार को प्रातः: साढ़े 7 बजे पंचगव्य से गौ माता का स्नान किया जाएगा। साथ ही गौठान की साफ-सफाई कर शाम को लाइटिंग होगी। उन्होंने बताया कि गौशाला परिसर में रविवार रात 12 बजे से सोमवार रात 12 बजे तक गौमाता को रामधुनी सुनाई जाएगी। सोमवार शाम 4 बजे से सुंदरकांड का पाठ होगा। सुंदरकांड पाठ के बाद राम दरबार का पूजन व गौ माता का अभिषेक किया जाएगा। देर शाम को गौशाला परिसर में गाय के गोबर से बने 5100 दीपकों से दीप महोत्सव होगा। अंत में गौ भक्तों के लिए प्रसादी होगी। साथ ही गौशालाओं को पुष्प मालाओं से सजाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी गौशालाएं अपने-अपने स्तर पर भव्य आयोजन करेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश/संदीप

   

सम्बंधित खबर